मनोरंजन

सिनेजीवन: 'बिग बॉस 20' में होगा बड़ा बदलाव और अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' का टीजर रिलीज

सलमान खान एक बार फिर छोटे पर्दे के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के नए सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'हैवान' के मेकर्स ने बुधवार को फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'बिग बॉस 20' में होगा बड़ा बदलाव, सलमान खान ने बताया- 'एक्स्ट्रा जीवनदान से बदलेगा गेम'

सलमान खान एक बार फिर छोटे पर्दे के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' के नए सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार हैं। 'बिग बॉस सीजन 20' को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। अब मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी कर इस सीजन के खास ट्विस्ट की झलक भी दिखा दी है। इस बार शो में 'एक्स्ट्रा जीवनदान' का कॉन्सेप्ट पेश किया जा रहा है, जो कंटेस्टेंट्स के गेम और घर में टिके रहने के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है।

नए सीजन के प्रोमो में सलमान खान ने भी इस नए ट्विस्ट को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि 'बिग बॉस' में हर साल गेम के नियम और अंदाज में बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन इस बार सिर्फ गेम ही नहीं, बल्कि इसे खेलने का तरीका भी बदलने वाला है।

सलमान खान ने कहा, ''बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। 'जीवनदान' सुनने में जितना सीधा लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।''

सलमान के इस बयान ने शो के नए ट्विस्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' का टीजर रिलीज, दिखा डरा देने वाला माहौल

 अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'हैवान' के मेकर्स ने बुधवार को फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया। इसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान की झलक देखने को मिल रही है।

अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीजर पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "वो खतरे को सुनता है, मैं ही खतरा हूं, अब जीत किसकी होगी? हीरो की या हैवान की। फिल्म हैवान का टीजर रिलीज किया जा चुका है।"

टीजर में अजीब-अजीब साये, धुंधली परछाइयां और कुछ झलकियां देखन को मिल रही हैं, जो एक डरावने और बेचैन कर देने वाला माहौल बना रही हैं। टीजर देखकर एहसास होता है कि फिल्म की कहानी काफी खतरनाक और रोमांच से भरी होगी। टीजर की तस्वीरों से लग रहा है कि सैफ अली खान फिल्म में एक नेत्रहीन यानी व्यक्ति का रोल निभा रहे हैं।

फिल्म को प्रियदर्शन ने निर्देशित किया है। ये फिल्म बड़े पर्दे पर रहस्य, खतरे और रोमांच से भरी एक खतरनाक विलेन वाली दुनिया लेकर आएगी। 'हैवान' एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म का निर्माण कार्य केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स साथ मिलकर कर रहे हैं। वहीं, वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसे मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

अनिल कपूर लेकर आ रहे 'इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट', कॉमन सेंस से जीत सकेंगे 1 करोड़ रुपए का इनाम

टेलीविजन की दुनिया में क्विज शो की कमी नहीं है। अलग-अलग शो में प्रतियोगियों से सामान्य ज्ञान, इतिहास, विज्ञान और मनोरंजन से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं और वे सही जवाब देकर बड़ी रकम जीतते हैं। अब दर्शकों के सामने एक ऐसा गेम शो आने वाला है, जिसमें सिर्फ किताबी ज्ञान काम नहीं आएगा। 

इस शो में आपकी समझ, सोचने का तरीका और रोजमर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल होने वाला कॉमन सेंस सबसे ज्यादा मायने रखेगा। इस नए शो की कमान बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता अनिल कपूर संभालने वाले हैं।

अनिल कपूर जल्द ही नए क्विज गेम शो 'इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट' को होस्ट करते नजर आएंगे। उन्होंने शो के फॉर्मेट को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। उनका कहना है कि यह दूसरे क्विज शो से काफी अलग होगा। यहां कंटेस्टेंट्स को मुश्किल फैक्ट्स को याद रखने के बजाय अपनी सोच और समझ का इस्तेमाल करना होगा।

शो के बारे में बात करते हुए अनिल कपूर ने कहा, ''इसमें कुल 13 सवाल पूछे जाएंगे। ये सवाल मुख्य रूप से कॉमन सेंस पर आधारित होंगे। सबसे खास बात यह है कि स्टूडियो में एक या दो कंटेस्टेंट्स नहीं, बल्कि एक साथ 100 खिलाड़ी खेल में हिस्सा लेंगे। हर सवाल के बाद बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के जवाब सामने आएंगे और गलत जवाब देने वालों को खेल से बाहर होने के साथ अपनी रकम भी गंवानी पड़ सकती है।''

मीनाक्षी शेषाद्रि ने रिक्रिएट किया गाना 'बहुत जताते हो, चाह हमसे'

अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए फिल्म 'आदमी खिलौना है' के दिनों को याद किया। अभिनेत्री ने इस पोस्ट के जरिए फिल्म में फिल्माया गया गाना 'बहुत जताते हो, चाह हमसे' के पीछे की स्टोरी बताई।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट की, जिसमें वे 'बहुत जताते हो, चाह हमसे' पर डांस कर रही हैं। वीडियो में अभिनेत्री शानदार एक्सप्रेशन और डांस मूव्स के साथ डांस कर रही हैं। अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह बहुत ही खूबसूरत रोमांटिक गाना है। यह गाना मेरी फिल्म 'आदमी खिलौना है' से लिया गया है। महाबलेश्वर की हसीन वादियों में इस गाने को फिल्माया गया था। नदीम श्रवण का ये गीत बेहद पसंद किया गया। इसे दोबारा फिल्माने में बहुत मजा आया।"

अभिनेत्री के इस वीडियो ने फैंस को पुराने दिनों का एहसास करवा दिया।

 गाना 'बहुत जताते हो, चाह हमसे' की बात करें, तो यह साल 1993 की बॉलीवुड फिल्म 'आदमी खिलौना है' का एक बेहद प्रसिद्ध रोमांटिक गाना है। इस गाने को मशहूर गायक मोहम्मद अजीज और अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी और इसके बोल समीर ने लिखे थे। इसका संगीत नदीम-श्रवण की प्रसिद्ध जोड़ी ने तैयार किया था।

सारा अली खान के बर्थडे पर रकुलप्रीत सिंह समेत फिल्मी हस्तियों ने लुटाया प्यार

अभिनेत्री सारा अली खान बुधवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर इंडस्ट्री के खास दोस्तों और परिवार के लोगों ने अभिनेत्री को बधाई दी।

अभिनेत्री करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर सारा के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इसमें सारा के साथ पिता सैफ अली खान, करीना कपूर, इब्राहिम नजर आ रहे हैं। करीना ने जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, "हैप्पी बर्थडे सारा डार्लिंग…और कद्दू की सब्जी और अब दही। तुम्हारी प्लेट हमेशा भरी रहे।"

अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने भी अपनी को-स्टार सारा अली खान को जन्मदिन की बधाई देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनके साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो सारा! तुम जहां भी जाती हो, वहां अपनी प्यारी और मजेदार वाइब्स से माहौल खुशनुमा कर देती हो। तुम्हारे साथ बिताई सारी हंसी-मजाक, मस्ती और क्रेजी मूमेंट्स के लिए मैं बहुत शुक्रगुजार हूं। हमेशा ऐसी ही रहना और अपनी खुशियों से सबके चेहरे पर मुस्कान लाती रहना।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए