मनोरंजन

सिनेजीवन: एक फ्रेम में दिखीं कपूर परिवार की 4 पीढ़ियां और 'हैवान' में साथ आए अक्षय कुमार और सैफ अली खान

अभिनेत्री नीतू कपूर ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया के माध्यम से कपूर खानदान की चार पीढ़ियों की हल्की-सी झलक शेयर की। अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हैवान' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

एक फ्रेम में दिखीं कपूर परिवार की 4 पीढ़ियां, नीतू कपूर ने शेयर की दुर्लभ तस्वीर

अभिनेत्री नीतू कपूर ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया के माध्यम से कपूर खानदान की चार पीढ़ियों की हल्की-सी झलक शेयर की। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके फ्रेम में कपूर परिवार के अलग-अलग पीढ़ियों के सदस्य एक साथ नजर आ रहे हैं। इस कीमती फ्रेम में उनकी गुजर चुकी सास कृष्णा राज कपूर, बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और पोती समारा नजर आ रहे हैं।

 तस्वीर पोस्ट कर अभिनेत्री ने लिखा, "कपूर खानदान की 4 पीढ़ियां एक रेयर तस्वीर में।"

कृष्णा राज कपूर हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध शोमैन राज कपूर की पत्नी हैं। कृष्णा अभिनेता प्रेमनाथ की बहन और रीवा के पुलिस आईजी की पुत्री थीं। उन्होंने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर कपूर परिवार को एक सूत्र में बांधे रखा।

मुंबई के चेंबूर में शुरुआती दिनों में कृष्णा ने आर्थिक मदद के लिए साड़ियों पर कढ़ाई भी की थी। माना जाता है कि राज कपूर की फिल्म 'बरसात' (1949) के निर्माण के दौरान उन्होंने अपने गहने तक बेच दिए थे। कृष्णा राज कपूर और राज कपूर के पांच बच्चे थे, रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, रितु नंदा और रीमा जैन।

हर्षवर्धन राणे ने शेयर किया 'पुलिस कंपनी' का पहला लुक टेस्ट, बनेंगे 'दयानायक'

अभिनेता हर्षवर्धन राणे फिल्ममेकर रोम गोपाल वर्मा की अपकमिंग फिल्म 'पुलिस कंपनी' में नजर आएंगे। मंगलवार को अभिनेता ने फिल्म के लिए अपना पहला ट्रायल लुक टेस्ट की झलक शेयर की।

अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें अभिनेता अपनी दाढ़ी हटाते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि ये लुक उनके अभी शुरुआती स्टेज का है। रामगोपाल वर्मा आगे इसमें और डिटेल्स जोड़ेंगे और धीरे-धीरे किरदार का लुक तैयार करेंगे। अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "यह 'दयानायक' सर की दुनिया में कदम रखने के लिए मेरा पहला ट्रायल लुक टेस्ट था। रामगोपाल सर अब और परमानेंट डिटेल्स जोड़ेंगे और धीरे-धीरे लुक बनाएंगे।"

ये ट्रायल लुक उनके अपकमिंग किरदार 'दयानायक' के लिए है। फिल्म को टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इससे पहले रामगोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के बारे में बताया था।

 फिल्म की बात करें तो यह मुंबई पुलिस के उस स्पेशल एनकाउंटर स्क्वाड और पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के जीवन पर आधारित होगी, जिसमें अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका निभाएंगे। 1997 से 2004 के बीच मुंबई अंडरवर्ल्ड और संगठित अपराध के खात्मे के लिए बनाए गए स्पेशल पुलिस स्क्वाड के ऑपरेशन।

हरियाणा मेरे दिल में एक खास जगह रखता है: सोनू निगम

मशहूर गायक सोनू निगम ने हाल ही में अपना नया हरियाणवी गाना 'चुन्नी' रिलीज किया था। गायक ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि हरियाणा को लेकर उनके दिल में एक खास जगह है, क्योंकि यहां उनका बचपन बीता है।

गायक से आईएएनएस ने सवाल पूछा, "ऐसा लगता है कि जिंदगी आपके लिए पूरी तरह से बदल गई है, क्योंकि आपने उस जगह में योगदान दिया है, जहां आप पैदा हुए और पले-बढ़े। इस बारे में आपके क्या विचार हैं?"

सोनू ने बताया कि भगवान एक खास वजह से हमारे जन्म की जगह चुनते हैं। उन्होंने कहा, "भगवान हमारे जन्म की जगह जो भी चुनते हैं, उसके पीछे खास वजह होती है। इसलिए मुझे हरियाणा के फरीदाबाद में जन्म लेने का सौभाग्य मिला। मेरी बहन भी वहीं पैदा हुई थी और मेरे पिता का पूरा बचपन फरीदाबाद में बीता तो जाहिर है हरियाणा हमारे लिए एक बहुत ही खास जगह है।"

अक्षय कुमार और सैफ अली खान 'हैवान' में साथ आए, मेकर्स ने किया टीजर डेट का ऐलान

अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हैवान' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मंगलवार को मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए टीजर रिलीज डेट की जानकारी दी।

अभिनेता अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर अपने और सैफ अली खान के लुक की तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "बदला ही मेरी वजह है, हर सेंस उसका हथियार है। आप किसकी तरफ हो? हीरो हो या हैवान? हैवान का टीजर कल आएगा।" 'हैवान' एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म का निर्माण कार्य केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स साथ मिलकर कर रहे हैं। वहीं, वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसे मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी। दोनों लगभग 18 सालों के बाद स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे, जिसे देखने के लिए प्रशंसक और भी ज्यादा उत्साहित हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

भोलेनाथ की भक्ति में लीन दिखीं निया शर्मा, पूजा-अर्चना कर शेयर किया खास पोस्ट

टेलीविजन इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री निया शर्मा श्रावण माह में भोलेनाथ की भक्ति रस में डूबी नजर आईं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वह अपनी मां की सलाह मानकर श्रावण के चारों सोमवार को मंदिर जाने का प्लान बना रही हैं।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे पारंपरिक सूट में नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में वह पिंक सूट पहने दिखीं, जबकि दूसरी में वह वाइब्रेंट येलो और रेड कलर के आउटफिट में नजर आ रही हैं।

तस्वीरों में निया शर्मा को पूजा की थाली पकड़े और आरती करते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने नंदी के कान में अपने मन की बात भी कहने वाली परंपरा भी निभाई। कुछ तस्वीरों में उन्हें शिव परिवार के लिए पूजा करते हुए दिखाया गया है।

तस्वीरें पोस्ट कर अभिनेत्री निया शर्मा ने लिखा, "श्रावण शिवरात्रि की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। ओम नमः शिवाय। मम्मी ने बोला है, श्रावण के 4 सोमवार मंदिर जाना है तो जाना है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए