मनोरंजन

सिनेजीवन: मोहित सूरी के मुरीद हुए महेश भट्ट और युवा कलाकारों से सीख रही हैं नीना गुप्ता

अपनी भावुक प्रेम कहानियों और जबरदस्त संगीत के लिए मशहूर निर्देशक मोहित सूरी महेश भट्ट के भांजे हैं। एक्ट्रेस नीना गुप्ता का मानना है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

मोहित सूरी के मुरीद हुए महेश भट्ट, भांजे के लिए लिखा खास नोट

भारतीय मनोरंजन जगत में चुनिंदा परिवार दशकों से सिनेमा पर राज कर रहे हैं। इन परिवारों का दबदबा फिल्म निर्माण, निर्देशन और संगीत समेत कई जगह तक फैला हुआ है। इन्हीं में शामिल है भट्ट परिवार। मशहूर निर्देशक मोहित सूरी इस परिवार से खास ताल्लुक रखते हैं।

अपनी भावुक प्रेम कहानियों और जबरदस्त संगीत के लिए मशहूर निर्देशक मोहित सूरी महेश भट्ट के भांजे हैं।

दरअसल, हाल ही में मोहित ने पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में शिरकत की थी, जहां उन्होंने अपनी कई विषयों पर चर्चा की थी। बातचीत में हंसी-मजाक के साथ-साथ कई भावुक पल भी आए थे। इस पूरे पॉडकास्ट को महेश भट्ट ने सुना और वे बहुत प्रभावित भी हुए। इसके बाद उन्होंने मोहित के लिए खास नोट लिखा, जिसे पूजा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्ट किया। महेश भट्ट ने लिखा, "मोहित बेटे...पूजा के साथ तुम्हारी पूरी बातचीत सुनकर मेरा गला भर आया। इस बातचीत में हंसी, मस्ती और खास चमक भी थी लेकिन इसके पीछे एक शांत दर्द भी था, यादें भी थीं और वो संघर्ष भी था, जिसका पूरा भार शायद सिर्फ मैंने ही महसूस किया है।"

उन्होंने लिखा, "कुछ चीजें दिल देख लेता है, चाहे वह देखना न चाहे और सुन भी लेता है, चाहे वह सुनना न चाहे। अब तुम अपने आप में खड़े हो। यही मेरे दिल को सबसे ज्यादा छूता है। बिना किसी शोर-शराबे के तुम्हें ऊंचाई पर खास गरिमा के साथ देखना मेरे लिए गर्व का पल है।"

Published: undefined

युवा कलाकारों से सीख रही हैं नीना गुप्ता, बोलीं-नई पीढ़ी के साथ काम करने से रहती हूं अपडेट

फिल्म इंडस्ट्री में समय के साथ खुद को बदलते रहना और हर दिन नया सीखना बहुत जरूरी होता है। एक्ट्रेस नीना गुप्ता का मानना है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने बताया कि वह आजकल युवा कलाकारों के साथ काम करके बहुत कुछ सीख रही हैं। इसी अनुभव को उन्होंने एक वीडियो के जरिए इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे नई पीढ़ी के साथ जुड़कर वह खुद को समय के साथ ढाल रही हैं।

नीना गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कहा, "मैं इन दिनों एक सीरीज में युवा लड़कियों के साथ काम कर रही हूं और उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। आजकल का संगीत कैसा है, लोग किस तरह की भाषा बोलते हैं, फैशन में क्या चल रहा है और सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल कैसे किया जाता है, ये सारी बातें मैं अपने साथ काम करने वाले युवा कलाकारों से सीख रही हूं।"

उन्होंने कहा, "कई ऐसी चीजें हैं, जिनके बारे में मुझे पहले ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मैं धीरे-धीरे सब समझने लगी हूं। यह अनुभव मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि इससे मेरी सोच और समझ दोनों में बदलाव आ रहा है।"

नीना गुप्ता ने कहा, ''नई पीढ़ी के लोगों के साथ काम करने से मुझे एक अलग नजरिया मिला है। इससे मुझे यह समझने में मदद मिल रही है कि आज के समय में लोग कैसे सोचते हैं और किस तरह से अपनी जिंदगी जीते हैं। मेरे एक पुराने दोस्त मिस्टर तलवार (जो अब इस दुनिया में नहीं है) ने एक बार मुझसे कहा था कि जब वह जवान थे, तो उन्होंने अपने से बड़े लोगों के साथ रहकर उनसे सीखा और जब वह बड़े हो गए, तो उन्होंने युवाओं के साथ रहना शुरू किया, ताकि उनसे नई चीजें सीख सकें।''

Published: undefined

दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव होना सिनेमा के लिए खुशी का पल: अभिनेता आदिल हुसैन

25 मार्च से दिल्ली में शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सितारों का मेला लगना शुरू हो गया है।  दिल्ली में लगातार सितारों की महफिल लग रही है और कई खास फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। 31 मार्च तक चलने वाले फिल्म महोत्सव में अभिनेता आदिल हुसैन, लेखक-निर्देशक जितिन के. जोस, अभिनेता जिष्णु श्रीकुमार और अभिनेत्री गिरिजा ओक गोडबोले ने शिरकत की।

अभिनेता आदिल हुसैन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का हिस्सा बन गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम सभी बहुत खुश हैं क्योंकि आखिरकार दिल्ली में फिल्म महोत्सव का आगाज हुआ है। यह सिर्फ फिल्म महोत्सव नहीं है बल्कि फिल्म मेकिंग का इकोसिस्टम है, जो हमें सिनेमा के अलग-अलग पहलू से रूबरू कराता है। हमें उम्मीद है कि न सिर्फ भारत से बल्कि अलग-अलग देशों से भी लोग इससे जुड़ेंगे।"

वहीं हिंदी सिनेमा की अभिनेत्री गिरिजा ओक गोडबोले ने मीडिया से बात करते हुए कहा, दिल्ली में फिल्म महोत्सव का आगाज सिनेमा को नई दिशा दे सकता है क्योंकि अभी तक दिल्ली या गोवा में फिल्म महोत्सव रखे जाते थे, लेकिन अब देश की राजधानी में इसका आयोजन नए आयाम स्थापित कर सकता है।

Published: undefined

'पूरी देख ली सैयारा फिल्म, लेकिन फिर भी नहीं पकड़ पाएं ये चीज', अब जाकर मोहित सूरी ने किया खुलासा

इन दिनों 'धुरंधर 2' का क्रेज लोगों के बीच जमकर देखने को मिल रहा है। कुछ हद तक ऐसा ही क्रेज फिल्म 'सैयारा' को लेकर देखा गया था। लोगों ने फिल्म को काफी पसंद किया, लेकिन शायद ही कुछ लोग एक खास बात नोटिस कर पाए होंगे। आखिर क्या है ये बात, इसको लेकर निर्देशक मोहित सूरी ने एक दिलचस्प खुलासा किया है।

दरअसल, एक्ट्रेस-फिल्ममेकर पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में मोहित सूरी ने बताया कि फिल्म के गानों के लिए उन्होंने अलग-अलग सेट बनाने की बजाय एक ही सेट को बार-बार इस्तेमाल किया था। लेकिन फिल्म पूरी देखने के बाद भी ज्यादातर दर्शक इस बात को नोटिस नहीं कर पाएं।

उन्होंने कहा, ''फिल्म के कई गाने एक ही सेट पर शूट किए गए थे। आमतौर पर फिल्मों में हर गाने के लिए अलग सेट तैयार किए जाते हैं, लेकिन मैंने खर्च और समय बचाने के लिए एक ही सेट को अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल किया। मेरा मानना था कि ज्यादा भीड़ और भव्यता कभी-कभी कहानी की असली भावना को कमजोर कर देती है। इसलिए मैंने पहले कम लोगों के साथ सीन को शूट किया और जब संतुष्ट हुआ, तब भीड़ को शामिल किया।''

उन्होंने आगे बताया, ''फिल्म में दिखाई गई भीड़ को सिर्फ एक दिन के लिए बुलाया गया था और म्यूजिक सीन्स को शूट कर लिया गया था। कई गानों के सीक्वेंस एक ही रीयूज्ड सेट पर शूट किए गए थे। जब सेट पर बहुत ज्यादा लोग होते हैं, तो ध्यान इमोशन से हटकर भीड़ पर चला जाता है। इसलिए हमने पहले कम लोगों के साथ सीन शूट किए, ताकि किरदारों की भावनाएं सही तरीके से सामने आ सकें।''

Published: undefined

'अंगूरी को छोड़ ये कहां आ गए लड्डू के भैया,' तिवारी जी की रैंप वॉक देख हैरान हुए यूजर्स

टीवी का पॉपुलर सिटकॉम शो 'भाबीजी घर पर हैं' हमेशा से फैंस का फेवरेट रहा है और शो का दूसरा संस्करण भी शुरू हो चुका है, जिसमें एक बार फिर असली अंगूरी भाभी यानी शिल्पा शिंदे की वापसी हो चुकी है। 

नए संस्करण के साथ सीरियल की कहानी पहले जितनी ही मजेदार है। लेकिन, शो में कुछ नए किरदारों को शामिल किया गया है। शो में तिवारी जी उर्फ रोहिताश्व गौर का जलवा जारी है। इसी बीच रोहिताश्व का नया अवतार देखकर फैंस ने दांतों तले उंगलियां दबा ली हैं।

रोहिताश्व गौर को अभी तक फैंस ने तिवारी जी के चुलबुले अंदाज में देखा है, लेकिन उन्होंने स्टेज पर रैंप वॉक कर फैंस को हैरान कर दिया है। शेरवानी पहनकर अभिनेता रैंप पर पूरे आत्मविश्वास और स्टाइल के साथ वॉक करते दिख रहे हैं और उनके चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान है। चैरिटी इवेंट में रैंप वॉक कर अभिनेता भी खुश हैं। उन्होंने अपनी वीडियो पोस्ट कर लिखा, "बेटी चैरिटी इवेंट के लिए चलना मेरे लिए सम्मान की बात है। इतने सार्थक और प्रेरणादायक कार्य का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद। हर बार ये एक अद्भुत अनुभव होता है।"

 रोहिताश्व गौर का स्टाइल और लुक देखकर यूजर्स भी हैरान हैं और तिवारी जी से पूछ रहे हैं कि यह कैसे हो गया। कुछ यूजर्स इसे तिवारी जी का जलवा बता रहे हैं तो कुछ अंगूरी भाभी को याद कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ''अरे वाह, लड्डू के भैया तो आज बहुत अच्छे लग रहे हैं।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined