मनोरंजन

सिनेजीवन: शाहरुख खान के काम से खुश राजकुमार हिरानी और संजय दत्त के डांस ट्रिक को लेकर उर्मिला मातोंडकर ने खोला राज

राजकुमार हिरानी ने कहा, ''यह कहना गलत होगा कि पुराने कलाकार ज्यादा सहनशील होते हैं और नए कलाकार जल्दी परेशान हो जाते हैं। उर्मिला मातोंडकर ने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में अभिनेता संजय दत्त को लेकर कई राज खोले।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

शाहरुख खान के काम से खुश राजकुमार हिरानी, बोले- 'सुपरस्टार होकर भी रोज भेजते हैं अपनी रिहर्सल वीडियो'

इंडस्ट्री में कलाकारों की काम करने की शैली फिल्म निर्मताओं को काफी प्रभावित करती है। सेट पर उनकी सोच और काम के प्रति रवैया ही कलाकारों की पहचान बन जाती है। इस मुद्दे पर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने आईएएनएस से खुलकर बात की। उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान का उदाहरण देते हुए कहा कि वह सुपरस्टार होकर भी अपनी रिहर्सल वीडियो रोज भेजते हैं जबकि कुछ ऐसे कलाकार होते हैं जो सेट पर थकान दिखाते हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए राजकुमार हिरानी ने कहा, ''मैंने अपने करियर में कई बड़े और अलग-अलग पीढ़ी के कलाकारों के साथ काम किया है, लेकिन मेरे लिए असली फर्क उम्र या अनुभव का नहीं बल्कि सोच का होता है। शाहरुख खान, आमिर खान, संजय दत्त और अरशद वारसी जैसे कलाकार अपने काम को लेकर बेहद समर्पित हैं और हर सीन को गंभीरता से लेते हैं। इसी तरह रणबीर कपूर और विक्की कौशल जैसे नए कलाकार भी अपने काम के प्रति उतनी ही मेहनत और लगन दिखाते हैं।''

हिरानी ने कहा, ''यह कहना गलत होगा कि पुराने कलाकार ज्यादा सहनशील होते हैं और नए कलाकार जल्दी परेशान हो जाते हैं। यह पूरी तरह व्यक्ति की आदत और प्रोफेशनल सोच पर निर्भर करता है। कुछ कलाकार सेट पर थकान दिखाते हैं, लेकिन कई कलाकार ऐसे भी होते हैं जो हर सीन को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करते रहते हैं।''

Published: undefined

'इंडस्ट्री के असली माचो मैन हैं संजय दत्त', अभिनेता के डांस ट्रिक को लेकर उर्मिला मातोंडकर ने खोला राज

बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में अभिनेता संजय दत्त को लेकर कई राज खोले। दरअसल, वह शो में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुई थी। इस दौरान जब संजय दत्त का जिक्र हुआ तो उन्होंने अभिनेता के डांस को लेकर यादें साझा कीं।

शो में होस्ट हर्ष लिम्बाचिया ने उर्मिला मातोंडकर से संजय दत्त के साथ काम करने के बारे में पूछा, तो उन्होंने पर्दे के पीछे का एक किस्सा शेयर किया। उन्होंने कहा, ''संजू (संजय दत्त) की एक बात मैं आपको बताती हूं। मैंने उनके साथ दो-तीन फिल्में की हैं। जिन भी एक्ट्रेसेस ने उनके साथ काम किया है, वे सभी यह बात बताएंगी। जब भी किसी फिल्म में डांस का गाना आता है, तो वह बहुत खराब मूड में रहते हैं और कहते हैं, 'यार मुझे यह नहीं करना है, वह नहीं करना है।' लेकिन फिर वह चुपचाप जाकर रिहर्सल करते हैं और जब फाइनल शूट में डांस करते हैं, तो देखकर लगता है कि आखिर उन्होंने पहले इतना मना क्यों किया था। यह उनका अंदाज है। वह कभी-कभी थोड़े चिड़चिड़े हो जाते हैं, क्योंकि वह इंडस्ट्री के असली माचो मैन हैं, लेकिन उनके साथ काम करना उतना ही आसान और अच्छा भी होता है।”

उन्होंने बताया, "सबसे दिलचस्प बात यह है कि संजय फिर चुपचाप जाकर रिहर्सल करते हैं और जब फाइनल शूट में डांस करते हैं, तो देखकर लगता है कि आखिर उन्होंने पहले इतना मना क्यों किया था। यह उनका अंदाज है। वह कभी-कभी थोड़े चिड़चिड़े हो जाते हैं, क्योंकि वह इंडस्ट्री के असली माचो मैन हैं लेकिन उनके साथ काम करना उतना ही आसान और अच्छा भी है।"

Published: undefined

'यह करियर का सबसे खास दौर है', शाहरुख खान और मनोज बाजपेयी के साथ काम को लेकर अक्षय ओबेरॉय ने जताई खुशी

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय ओबेरॉय इन दिनों अपनी आने वाली बड़ी फिल्म 'किंग' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह शाहरुख खान के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। वहीं एक अन्य प्रोजेक्ट में वह मनोज बाजपेयी के साथ भी काम कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह उनके लिए किसी सपने के पूरे होने जैसा है। उन्होंने इसे अपने करियर का बड़ा मौका बताया।

आईएएनएस से बात करते हुए अक्षय ने कहा, ''मेरे लिए यह समय इसलिए रोमांचक है क्योंकि मैं अलग-अलग तरह की कहानियों का हिस्सा बन रहा हूं। एक तरफ जहां मैं शाहरुख खान के साथ एक बड़ी एक्शन फिल्म 'किंग' का हिस्सा हूं, वहीं दूसरी तरफ मनोज बाजपेयी के साथ एक थ्रिलर फिल्म में भी काम कर रहा हूं। दोनों कलाकारों की अभिनय शैली बिल्कुल अलग है, लेकिन दोनों अपने-अपने क्षेत्र में बेहद अनुभवी और माहिर हैं। ऐसे में उनके साथ काम करना मेरे लिए सीखने का बड़ा मौका है।''

उन्होंने आगे कहा, "किंग' एक बड़ी फिल्म है, जिसे एक मेगा एक्शन प्रोजेक्ट के तौर पर बनाया जा रहा है। इसमें काफी दमदार कहानी देखने को मिलेगी। इसके विपरीत, मनोज बाजपेयी के साथ मेरी फिल्म एक सस्पेंस से भरी कहानी है, जो अपराध की दुनिया पर आधारित है। मनोज बाजपेयी जैसे अभिनेता के साथ काम करना प्रेरित करने वाला अनुभव है, क्योंकि वह अपने अभिनय से हर सीन को जीवंत बना देते हैं।"

अक्षय ओबेरॉय ने कहा, ''मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इतने अलग-अलग तरह के प्रोजेक्ट्स मिल रहे हैं। यह समय मेरे लिए सीखने और खुद को निखारने का है। मैं हर किरदार को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाने की कोशिश कर रहा हूं और लगातार बेहतर बनने की दिशा में काम कर रहा हूं।''

Published: undefined

'आवारापन 2' टीजर रिलीज: 'या तो आवारापन खत्म होगा या मैं', इमरान हाशमी के दमदार डायलॉग ने उड़ाए होश

बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' का टीजर रिलीज हो गया है। 19 साल के लंबे इंतजार के बाद दर्शकों को एक बार फिर शिवम पंडित की दुनिया की झलक देखने को मिली है, जहां प्यार, खोने का दर्द और अकेलापन एक साथ नजर आता हैं। टीजर में इमरान हाशमी के किरदार शिवम पंडित की अधूरी कहानी के आगे का हिस्सा दिखाया गया है।

1 मिनट 45 सेकंड लंबे टीजर की शुरुआत एक सॉफ्ट वायलिन म्यूजिक से होती है, और इसी बैकग्राउंड में इमरान हाशमी की आवाज गूंजती है, जिसमें वह कहते हैं- 'कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।"

वीडियो के शुरुआत में इमरान हाशमी का चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया जाता। उन्हें कभी बाइक चलाते हुए बैक शॉट में दिखाया गया है, तो कभी उनके एक बर्ड टैटू का क्लोज-अप नजर आता है। इसके बाद इमरान एक कब्र के पास पहुंचते हैं, जिस पर लिखा होता है- 'आलिया हामिद 1984-2007।'

बता दें कि यह वही आलिया है, जिसका किरदार पहली फिल्म 'आवारापन' में श्रिया सरन ने निभाया था और जो शिवम की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई थी। टीजर में दिखाया जाता है कि शिवम उसकी कब्र पर एक गुलाब का फूल रखता है।

Published: undefined

बेटी की परवरिश में कभी समाज की नहीं सुनी, दिल से लिए हर फैसले : कुणाल खेमू

फिल्म अभिनेता कुणाल खेमू और उनकी पत्नी, अभिनेत्री सोहा अली खान, दोनों अक्सर अपनी बेटी इनाया नौमी खेमू के साथ बिताए गए खास पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। आईएएनएस से बातचीत में कुणाल ने बच्चे की परवरिश को लेकर कहा कि यह किसी समाज के हिसाब से नहीं, बल्कि माता-पिता की समझ के आधार पर होनी चाहिए।

आईएएनएस से खास बातचीत में कुणाल खेमू ने कहा, "मैंने और सोहा ने बेटी की परवरिश को लेकर कभी भी समाज के दबाव को महत्व नहीं दिया। दोनों ने हमेशा अपने दिल की बात सुनी और वही फैसले लिए, जो बेटी के लिए सही लगे।"

कुणाल ने कहा, ''हम हमेशा स्वाभाविक तरीके से आगे बढ़े हैं। मेरी किस्मत अच्छी है कि मुझे ऐसी दोस्त, जीवनसाथी और पत्नी मिली है, जो मुझे अच्छे से समझती है और भरोसा करती है। जहां तक बेटी की परवरिश की बात है, अब हमें भी कुछ सालों का अनुभव हो गया है। इस साल इनाया नौ साल की हो जाएगी। इन सालों में हमने हर फैसला अपने मन और समझ के अनुसार लिया। हमने कभी यह नहीं सोचा कि लोग क्या कहेंगे या समाज इसे कैसे देखेगा।"

उन्होंने आगे कहा, ''हमें बच्चों की परवरिश के तरीके को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं मिलीं। कुछ लोगों ने हमारी सोच की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने आलोचना भी की। लेकिन हमने कभी इस बात को अपने फैसलों पर हावी नहीं होने दिया।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined