मनोरंजन

सिनेजीवन: राम गोपाल वर्मा ने सिक्स पैक हीरोज पर कसा तंज और 21 साल बाद फिर साथ आए इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया

राम गोपाल वर्मा ने फिल्मों में दिखाए जाने वाले सिक्स-पैक एब्स और असल जिंदगी के ताकतवर लोगों के बीच दिलचस्प तुलना की है। इमरान हाशमी और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया की जोड़ी ने एक बार फिर पुरानी यादें ताजा कर दीं।

राम गोपाल वर्मा ने सिक्स पैक हीरोज पर कसा तंज  (फोटो: Ram Gopal Varma)
राम गोपाल वर्मा ने सिक्स पैक हीरोज पर कसा तंज (फोटो: Ram Gopal Varma) 

राम गोपाल वर्मा ने सिक्स पैक हीरोज पर कसा तंज, बोले- 'असल जिंदगी में वह बड़े पेट वाले लोगों के नीचे काम करते हैं'

फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अपनी बेबाक राय और विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने फिल्मों में दिखाए जाने वाले सिक्स-पैक एब्स और असल जिंदगी के ताकतवर लोगों के बीच दिलचस्प तुलना की है। 

उन्होंने कहा कि असल जिंदगी में सिक्स पैक वाला व्यक्ति अक्सर उस शख्स के नीचे काम करता है, जिसे कभी सिक्स पैक बनाने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई।

राम गोपाल वर्मा ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह बात रखी। उन्होंने अपनी पोस्ट का टाइटल 'द आयरनी ऑफ टफ हीरोज हाइडिंग बिहाइंड बुलेट प्रूफ ग्लासेस' रखा। इसमें उन्होंने लिखा, '''बाहुबली' से पहले और उसके बाद भी मेनस्ट्रीम फिल्मों ने एक बात को नजरअंदाज किया है। फिल्मों में ताकतवर दिखने वाले किरदारों को अक्सर सिक्स पैक एब्स के साथ दिखाया जाता है, जबकि असल जिंदगी के ताकतवर लोगों का शरीर ऐसा नहीं होता।"

 उन्होंने आगे लिखा, ''असल जिंदगी में सिक्स पैक और मस्कुलर बॉडी वाले लोग अक्सर दुबले, छोटे कद, मोटे या बड़े पेट वाले लोगों के लिए काम करते हैं। फिल्मों में सिक्स पैक वाला शख्स अपने आप सबसे ताकतवर नजर आने लगता है, लेकिन हकीकत में वही शख्स अक्सर एक छोटे कद, गंजे या बड़े पेट वाले व्यक्ति के पीछे खड़ा दिखाई देता है। दिलचस्प बात यह है कि वही व्यक्ति उसकी सैलरी भी देता है।''

21 साल बाद फिर साथ आए इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया, 'इंडियन आइडल' के मंच पर पुरानी यादें की ताजा

अभिनेता इमरान हाशमी और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया की जोड़ी ने एक बार फिर पुरानी यादें ताजा कर दीं। दोनों करीब 21 साल बाद एक साथ नजर आए। 

दरअसल, सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल: लीजेंड्स रिटर्न' में इमरान बतौर मेहमान पहुंचे। इस दौरान दोनों ने अपने लंबे जुड़ाव, फिल्मों में साथ काम करने के अनुभव और हाल ही में आई फिल्म 'गनमास्टर जी9' पर भी बात की।

शो में पहुंचकर इमरान ने 'इंडियन आइडल' के मंच पर लौटने की खुशी जाहिर की। उन्होंने शो की तारीफ करते हुए कहा, ''मैं एक ही चीज कहना चाहूंगा, बाकी शोज एक तरफ और इंडियन आइडल एक तरफ।''

इसके बाद इमरान और हिमेश ने अपने 21 साल पुराने जुड़ाव को याद किया। अभिनेता ने इस मौके पर कहा, ''एक चीज मैं कह सकता हूं, देर आए लेकिन दुरुस्त आए। 21 साल हो गए, फिल्में बदल गईं, गाने बदल गए और हम भी थोड़े बदल गए, लेकिन दर्शकों का प्यार वैसा का वैसा ही है और बरकरार है।''

शरवरी वाघ को 'हम साथ साथ हैं' दिलाती है अपने परिवार की याद, बताई खास वजह  

अभिनेत्री शरवरी वाघ जल्द ही निर्देशक सूरज बड़जात्या की आगामी म्यूजिकल पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आएंगी। उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि राजश्री की कौन-सी फिल्म उन्हें परिवार की याद दिलाती है।

अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म 'हम साथ साथ हैं' उनके दिल के बेहद करीब है। अभिनेत्री ने बताया कि यह फिल्म उन्हें उनके एक्सटेंडेड फैमिली की याद दिलाती है, जिसमें उनके मामा और मौसी का परिवार शामिल है।

उन्होंने कहा, "असल में मुझे फिल्म 'हम साथ साथ हैं' याद है क्योंकि पहले मेरा परिवार, मौसी का परिवार और नानी का परिवार साथ में मिलकर घूमने जाते थे, तो 'हम साथ-साथ' देखकर मुझे लगता था कि हम अपने ही परिवार की फिल्म देख रहे हैं। वो फिल्म मुझे बहुत अच्छे से याद है।"

वहीं, अभिनेता आयुष्मान खुराना ने बताया कि जब वह 3-4 साल के थे, तब उन्होंने फिल्म 'मैंने प्यार किया' देखी थी। आयुष्मान ने कहा कि उनके चाचा की शादी में शादी के तोहफों के तौर पर एक वीसीआर और टेलीविजन आया था, साथ ही 'मैंने प्यार किया' का एक कैसेट भी था। एक्टर ने यह भी माना कि उन्होंने बचपन में यह आइकॉनिक फिल्म लगभग 100 बार देखी थी।

प्रभु देवा की फिल्म से तमिल सिनेमा में डेब्यू करेंगे विष्णु मंचू, बर्थडे पर हुआ ऐलान  

मशहूर तेलुगु अभिनेता और निर्माता विष्णु मंचू जल्द ही फिल्मकार प्रभु देवा की आगामी तमिल-तेलुगु फिल्म 'वीएम24' में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। सोमवार को प्रभु देवा ने विष्णु मंचू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इस फिल्म में उनके साथ काम करने की आधिकारिक पुष्टि की।

प्रभु देवा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विष्णु मंचू के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों स्टाइलिश अंदाज में पोज दे रहे हैं। उन्होंने लिखा, "मेरे हीरो और छोटे भाई विष्णु मंचू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। इस सेलिब्रेशन को 'वीएम24' के साथ और भी ज्यादा स्पेशल और रंगीन बना रहे हैं। प्रभु देवा × विष्णु मंचू की फिल्म 'वीएम24'।"

सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। फिल्म के टाइटल, कहानी और बाकी कास्ट के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन दो बड़े नामों के एक साथ आने की वजह से ही इस प्रोजेक्ट ने पहले से ही सबका ध्यान खींच लिया है। इस फिल्म के जरिए प्रभु देवा लंबे अंतराल के बाद तेलुगु सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में वापसी कर रहे हैं, जबकि अभिनेता विष्णु मंचू इस फिल्म के जरिए तमिल सिनेमा में डेब्यू करने जा रहे हैं।

आयुष्मान खुराना ने याद किया जॉइंट फैमिली वाला बचपन, कहा-पंजाबी फैमिली में अब नहीं रहा ये कल्चर  

अभिनेता आयुष्मान खुराना की आगामी पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' रिलीज के लिए तैयार है। अभिनेता और फिल्ममेकर सूरज सूरज बड़जात्या ने आईएएनएस के साथ बातचीत में जॉइंट फैमिली में रहने के कॉन्सेप्ट पर बात की।

अभिनेता ने याद किया कि कैसे उनके माता-पिता छोटे परिवार में शिफ्ट होने से पहले बड़े परिवार मे रहा करते थे। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हर परिवार की अपनी एक परंपरा होती है। मैंने देखा है कि मारवाड़ी और बिजनेस फैमिली में अभी भी बड़े परिवार में रहने का कल्चर बना हुआ है लेकिन पंजाबी फैमिली में इतना नहीं होता है। मुझे याद है कि जब मैं छोटा था, तो हम जॉइंट फैमिली में रहते थे। फिर, मेरे माता पिता न्यूक्लियर फैमिली में शिफ्ट हो गए।"

अभिनेता ने आगे कहा कि आज की तेजतर्रार दुनिया में, बहुत से लोग अकेले रहना पसंद करते हैं लेकिन इमोशनल सपोर्ट और ग्राउंडिंग ने जॉइंट फैमिली में रहना एक खूबसूरत सपना बना दिया है। वह अपनी बात को मजाकिया अंदाज में रखते हुए कहते हैं कि आजकल तो लोग परिवार ही नहीं बनना चाहते हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए