मनोरंजन

खेल: 17 किलो वजन कम करके श्रीलंका की चुनौती के लिए तैयार हैं सरफराज और भारतीय टीम के प्रदर्शन से गदगद बैटिंग कोच

साई सुदर्शन के चोटिल होने से सरफराज को भारतीय टीम में जगह बनाने का वह मौका मिल गया जिसका वे पिछले दो वर्षों से इंतजार कर रहे थे। बैटिंग कोच ने कहा कि गेंदबाजों ने वॉर्मअप मैच में अपना पूरा जोर लगाया जबकि बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

17 किलो वजन कम करके श्रीलंका की चुनौती के लिए तैयार हैं
17 किलो वजन कम करके श्रीलंका की चुनौती के लिए तैयार हैं फोटो: सोशल मीडिया

कश्मीर में कड़े अभ्यास के बाद 17 किलो वजन कम करके श्रीलंका की चुनौती के लिए तैयार हैं सरफराज

भारत की टेस्ट टीम में वापसी करने से कुछ दिन पहले सरफराज खान ने सोशल मीडिया पर लिखा था ‘‘हो सकता है मैं टीम में फिट न बैठूं, लेकिन मैं अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोडूंगा।’’

इससे उनके दृढ़ संकल्प का पता चलता है लेकिन वह तब की परिस्थितियों से भी अच्छी तरह अवगत थे। अब किस्मत ने पलटी खाई और वह फिर से भारतीय टीम का हिस्सा बन गए जो एक तरह से उनके दृढ़ संकल्प की भी जीत है।

साई सुदर्शन के चोटिल होने से सरफराज को भारतीय टीम में जगह बनाने का वह मौका मिल गया जिसका वे पिछले दो वर्षों से इंतजार कर रहे थे। उन्हें 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए टीम में शामिल किया गया है।

मुंबई के रहने वाले इस खिलाड़ी के लिए यह वापसी इससे बेहतर समय पर नहीं हो सकती थी, क्योंकि उन्होंने फिट होने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास किए थे, जिसमें पिछले डेढ़ साल में 17 किलो वजन कम करना भी शामिल था।

रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक बनाने के बावजूद सरफराज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अधिक भारी भरकम शरीर वाला खिलाड़ी माना जाता था लेकिन अब वह अधिक चुस्त-दुरुस्त दिखते हैं, जिसने निश्चित रूप से उनके टी20 खेल में सुधार हुआ है।

मुंबई में बेमौसम की बारिश के कारण अभ्यास करना संभव नहीं था और इसलिए सरफराज कश्मीर चले गए जहां उन्होंने अपने कौशल को निखारने के लिए शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में घंटों बिताए।

वॉर्मअप मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन से गदगद बैटिंग कोच सितांशु, देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी को सराहा

भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने 207 रनों के लक्ष्य को सिर्फ एक सेशन में हासिल किया। यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मोहम्मद सिराज ने भी सिर्फ 15 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टीम के प्रदर्शन से बैटिंग कोच सितांशु कोटक काफी खुश हैं। 

 भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बात करते हुए सितांशु ने कहा कि यह वॉर्मअप मुकाबला भारतीय टीम के लिहाज से काफी शानदार रहा। उन्होंने कहा कि अगर हम अगले 4 दिन और भी प्रैक्टिस करते, तो भी वो वॉर्मअप मुकाबले के बराबर नहीं होता।

 बैटिंग कोच ने कहा कि गेंदबाजों ने वॉर्मअप मैच में अपना पूरा जोर लगाया जबकि बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। सितांशु ने कहा कि हमने यह कोशिश की थी कि सभी को बल्लेबाजी करने का मौका मिले, चाहे फिर वो गेंदबाज ही क्यों न हों। सिराज और गुरनूर की आतिशी बल्लेबाजी का जिक्र करते हुए कोच ने उनके प्रदर्शन पर खुशी जताई। पहली पारी में गुरनूर ने 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। वहीं, सिराज दूसरी पारी में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर नॉटआउट रहे।

ब्रूक, ग्रीव्स और हसन आईसीसी 'मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के लिए नामित

इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक के साथ वेस्टइंडीज के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स और बांग्लादेश के ओपनर तंजिद हसन को जुलाई 2026 के लिए 'आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड हेतु नामित किया गया है।

 हैरी ब्रूक ने जुलाई माह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में जबरदस्त खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को भारत के विरुद्ध व्हाइट-बॉल सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज में 114.50 की औसत के साथ सर्वाधिक 229 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।

दूसरी तरफ, ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने जुलाई माह के दौरान टेस्ट क्रिकेट में बल्ले के साथ गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। 32 वर्षीय खिलाड़ी ने एंटीगुआ के नॉर्थ साउंड में श्रीलंका के विरुद्ध पहले टेस्ट में 180 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से वेस्टइंडीज मैच ड्रॉ कराने और अंततः 1-0 से सीरीज जीतने में सफल रहा।

ब्रंट, मैथ्यूज और समरविक्रमा 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड' के लिए नामित

इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट समेत वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज और श्रीलंकाई बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को 'जुलाई 2026' के लिए 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड' हेतु नामित किया गया है।

 नैट साइवर-ब्रंट ने अपने देश में खेले गए आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट स्टेज में इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमान संभाली, जबकि टूर्नामेंट के दौरान उन्हें पिंडली में चोट भी लगी थी। अनुभवी बैटिंग ऑलराउंडर ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध सेमीफाइनल मुकाबले में उस समय 75 रन की अहम पारी खेली, जब इंग्लैंड ने शुरुआती 4 ओवरों में 3 विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 23 रन जुड़ सके थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए ब्रंट को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।

घुटने की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन से हटे सिनर

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर घुटने की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हट गए हैं।

सिनर ने पिछले महीने लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब जीतने के बाद से किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया है। उन्होंने बुधवार से टोरंटो में शुरू हुए टूर्नामेंट से भी नाम वापस ले लिया था।

24 वर्षीय सिनर ने अब तक पांच ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं और करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने के लिए उन्हें केवल फ्रेंच ओपन जीतने की जरूरत है।

सिनर ने कहा, ‘‘अपने चिकित्सकों और अपनी टीम से परामर्श करने के बाद मैंने सिनसिनाटी में होने वाले मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। मेरे दाहिने घुटने में दर्द है और मैं अभी खेलने के लिए तैयार नहीं हूं।’’

सिनर से पहले कार्लोस अल्काराज़ ने भी कलाई की चोट के कारण सिनसिनाटी ओपन से हटने का फैसला किया था। इस टूर्नामेंट में पुरुष एकल के मुकाबले शनिवार से शुरू होंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरजे राहुल गांधी, 'अमित शाह बताएं, शांत प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पीटने का फरमान किसका था?'

  • ,
  • जयपुर में कांग्रेस की ‘हिसाब मांगो रैली’ पर पुलिस ने की पानी की बौछार, महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश

  • ,
  • सिनेजीवन: 'स्लमडॉग 33 टेंपल रोड' में डिप्टी कमिश्नर बनीं तब्बू और शिल्पा शेट्टी ने शेयर किया योग का वीडियो

  • ,
  • 'विपक्षी एकता तोड़ने में सफल नहीं होगी सरकार, हमारी दोनों मांगों पर समझौता नहीं होगा', कांग्रेस का BJP पर हमला

  • ,
  • आरजी कर रेप-मर्डर केस: CBI ने महिला कर्मचारी का मोबाइल किया जब्त, पीड़िता के परिवार को दी थी घटना की जानकारी