मनोरंजन

सिनेजीवन: 'किंग' में शाहरुख संग काम करने के लिए उत्सुक सौरभ शुक्ला और अक्षय कुमार ने शादी पर कही दिलचस्प बात

एक्टर सौरभ शुक्ला ने सुपरस्टार शाहरुख खान की करियर जर्नी और उनकी शानदार पर्सनैलिटी की जमकर तारीफ की है। अक्षय कुमार ने कहा, ''जब पत्नी घर में आती है, तो घर का माहौल भी बदल जाता है।"

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'किंग' में शाहरुख संग काम करने के लिए उत्सुक सौरभ शुक्ला, बोले- वे कमाल के इंसान हैं

एक्टर सौरभ शुक्ला ने सुपरस्टार शाहरुख खान की करियर जर्नी और उनकी शानदार पर्सनैलिटी की जमकर तारीफ की है। ‘बादशाह’ और ‘हे राम’ जैसी फिल्मों में शाहरुख के साथ काम कर चुके सौरभ अपकमिंग फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे, जिसे लेकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि शाहरुख की जर्नी शानदार और दूसरों के लिए प्रेरणा है।

सौरभ शुक्ला ने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया, “शाहरुख की जर्नी शानदार है। इतने सालों से वह इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और जिस तरह से उन्होंने अपना करियर बनाया है, उस पोजीशन पर पहुंचे हैं, वह वाकई प्रेरणा देता है।”

उन्होंने शाहरुख के व्यक्तित्व को लेकर कहा, “एक इंसान के तौर पर वह हमेशा से बहुत चार्मिंग रहे हैं। आप उनसे मिलते हैं तो बस बात खत्म नहीं करना चाहते। वह अपने काम से प्रभावित करते हैं और बातचीत के दौरान आपको बहुत महत्व और खास महसूस कराते हैं।”

सौरभ ने आगे बताया, “शाहरुख में लोगों से जुड़ने की खास काबिलियत है। बात करते वक्त ऐसा लगता है कि इस बातचीत में मेरी भी जरूरत है। यही अपनापन उन्हें सच में कमाल का बनाता है। वह बहुत कमाल के हैं।”

‘किंग’ एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसमें शाहरुख खान जबरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे। फिल्म में शाहरुख खान, सौरभ शुक्ला के साथ अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, शाहरुख की बेटी सुहाना खान और जयदीप अहलावत भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Published: undefined

निकिता दत्ता ने ऋषिकेश में ट्रेकिंग के लिए परिवार के साथ जाने की दी सलाह

'ज्वेल थीफ' और 'कबीर सिंह' जैसी फिल्मों में काम कर मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना चुकी अभिनेत्री निकिता दत्ता हाल ही में उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक रोमांचक ट्रेकिंग ट्रिप पर गई थीं। वहां पर उन्होंने ट्रेकिंग और खूबसूरत वादियों का जमकर आनंद लिया।

अभिनेत्री ने अपने वेकेशन की कुछ झलक इंस्टाग्राम पर शेयर की। वीडियो में वे ऋषिकेश के मनमोहक नजारों में ट्रेकिंग करती नजर आ रही हैं। निकिता ने आरामदायक ट्रेकिंग कपड़े पहने हैं। वे शांत और रिलैक्स्ड अंदाज में पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को एक्सप्लोर करती हुईं और बीच-बीच में आराम भी करती नजर आईं। वहीं, पोस्ट में उन्होंने सभी से परिवार के साथ ट्रेकिंग करने की सलाह दी, ताकि माता-पिता या घरवाले चिंता न करें और सब मिलकर मजा ले सकें।

उन्होंने लिखा, "प्रो टिप: जब आप एडवेंचर करना चाहें तो घरवालों को परेशान न करने का एक ही तरीका है। उन्हें साथ ले जाएं। अगर आप ऋषिकेश में हैं तो सिंगटाली हाइक जरूर करें, मैं इसकी सराहना करती हूं।"

Published: undefined

वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' की रिलीज डेट बदली, अब इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

फोटो: सोशल मीडिया

डेविड धवन की आगामी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' जल्द ही दर्शकों के सामने दस्तक देगी। फिल्म में डेविड के बेटे और बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मंगलवार को फिल्म के मेकर्स ने रिलीज डेट को लेकर बड़ा बदलाव किया है।

फिल्म को पहले 5 जून को रिलीज किया जाना था, लेकिन मेकर्स ने इस पर बदलाव करते हुए इसकी रिलीज डेट 12 जून कर दी है।

अभिनेता वरुण धवन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें फिल्म की रिलीज डेट को लेकर जानकारी दी। पोस्ट में लिखा, "हम साफ करना चाहते हैं कि आगामी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' पहले से 5 जून को रिलीज होने वाली थी। इस तारीख की घोषणा हमने कई महीने पहले कर दी थी, लेकिन हाल ही में कुछ बदलाव हुए हैं और मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमें लगा कि रिलीज डेट थोड़ा आगे बढ़ाना बेहतर होगा।"

उन्होंने आगे लिखा, "हम सभी का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में फिल्ममेकर्स को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। इसी सोच के साथ हमने फैसला किया है कि फिल्म अब 12 जून को रिलीज होगी। दर्शकों के सामने इसे एक हफ्ते बाद लाया जाएगा।"

Published: undefined

'बीवी आती है तो घर में लक्ष्मी आती है', अक्षय कुमार ने शादी पर कही दिलचस्प बात

बॉलीवुड सितारे अक्सर अपने काम के साथ-साथ निजी जिंदगी से जुड़ी बातों को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। खासतौर पर जब वे परिवार, रिश्तों और शादी के अनुभवों के बारे में खुलकर बात करते हैं, तो फैंस के लिए यह और भी दिलचस्प हो जाता है। इस कड़ी में बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में कुछ ऐसा ही किया। उन्होंने बताया कि शादी इंसान की जिंदगी में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है। 

 शो के दौरान अक्षय ने कहा कि जब घर में पत्नी आती है तो आदमी की कई आदतें अपने-आप बदलने लगती हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शादी के बाद आदमी क्या इस्तेमाल करता है, क्या खाता है, और उसकी दिनचर्या कैसी होती है- सब कुछ धीरे-धीरे बदल जाता है।

उन्होंने शादीशुदा जीवन का एक दिलचस्प पहलू भी बताया। अक्षय कुमार ने कहा, ''जब पत्नी घर में आती है, तो घर का माहौल भी बदल जाता है। घर में अच्छा खाना बनने लगता है और जिंदगी में एक तरह का संतुलन आ जाता है। लोग अक्सर कहते हैं कि जब पत्नी घर में आती है, तो इसका मतलब घर में लक्ष्मी आती है। इस कहावत में काफी सच्चाई भी है। पत्नी के आने से घर में खुशहाली और व्यवस्था दोनों बढ़ जाती हैं।''

Published: undefined

भारतीय पर्यटकों के गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से निराश हुईं मुनमुन दत्ता, कहा- 'यह व्यवहार घिनौना है'

भारतीय टीवी की दुनिया में अपने हास्य और अभिनय से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली मुनमुन दत्ता हाल ही में एक सामाजिक मुद्दे को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्हें लोग लोकप्रिय टीवी सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में उनके किरदार के लिए जानते हैं। मुनमुन ने कुछ वायरल वीडियो और तस्वीरों को देखकर देश में पर्यटन स्थलों पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने वाले लोगों की कड़ी आलोचना की है।

मुनमुन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो वाले पोस्ट को रि-शेयर किया। इन पोस्ट में कुछ लोग पैंगोंग झील के अंदर गाड़ी चलाते दिख रहे हैं, जो खतरनाक और गैरकानूनी है। वहीं कुछ लोग अपने कपड़े उतारकर बर्फ पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इन पोस्ट पर मुनमुन ने कहा, ''मैं इन वीडियो और तस्वीरों को देखकर बेहद निराश हूं। कुछ लोग प्राकृतिक स्थलों और सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान नहीं कर रहे हैं और वहां का माहौल खराब कर रहे हैं। यह व्यवहार घिनौना है, जो न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है बल्कि देश की छवि पर भी असर डालता है।''

उन्होंने लिखा, ''यह देखकर मुझे लगता है कि कुछ लोग विदेशों में छुट्टियां बिताने को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन अपने देश में ऐसे गलत काम करने से बाज नहीं आते।''

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined