मनोरंजन

सिनेजीवन: प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे विराट और अनुष्का और दूसरी बार पिता बने एटली

भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे हैं। फिल्ममेकर एटली और उनकी पत्नी कृष्णा प्रिया के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

गुजरात टाइटंस से भिड़ंत से पहले प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा

भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक बार फिर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे हैं। 

कपल को सोमवार को प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम श्री हित राधा केली कुंज में राधा नाम की भक्ति में डूबा देखा गया। विराट और अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया और साथ ही सत्संग और एकांतिक वार्ता का भी हिस्सा रहे।

इस मौके पर कपल का बहुत ही सादगी भरा रूप दिखा। अनुष्का ने ऑफ-व्हाइट सूट और माथे पर ऊर्ध्वपुण्ड्र तिलक धारण कर रखा है। विराट भी गले में तुलसी की माला धारण कर 'राधा' नाम की भक्ति में डूबे दिख रहे हैं। बता दें कि विराट और अनुष्का बीते कई सालों से प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए आ रहे हैं। आखिरी बार वे 17 फरवरी को केली कुंज आश्रम में दर्शन के लिए पहुंचे थे।

Published: undefined

दूसरी बार पिता बने एटली, बेटी के जन्म पर अनन्या पांडे-काजल अग्रवाल समेत तमाम सेलेब्स ने दी बधाई

फिल्ममेकर एटली और उनकी पत्नी कृष्णा प्रिया के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। दरअसल, उनके परिवार में एक नन्ही परी का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी को एटली और प्रिया ने अनोखे अंदाज में साझा किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। इस खबर के बाद से फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।

कपल ने इंस्टाग्राम पर इस खुशखबरी को साझा करते हुए एक पोस्टर साझा किया, जिसमें एक बच्चा टॉय कार के ऊपर बैठा नजर आ रहा है। इस पोस्टर पर लिखा है, ''ये हुई ना बात, मुझे एक छोटी बहन मिल गई है! बड़ा भाई मीर।''

इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया और फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने भी उन्हें दिल खोलकर प्रतिक्रिया दी।

एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने एटली और प्रिया को ढेर सारी बधाइयां दीं और कमेंट में लिखा, ''बहुत बहुत बधाइयां''

काजल अग्रवाल ने लिखा, ''माता-पिता, दादा-दादी और सबसे बढ़कर मीर को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं।''

Published: undefined

जैकलीन फर्नांडिस की अप्रूवर बनने की अर्जी पर सुनवाई टली, अब 8 मई को होगा फैसला

200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की ओर से सरकारी गवाह (अप्रूवर) बनने के लिए दाखिल अर्जी पर पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई टल गई है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 मई को होगी।

जानकारी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोर्ट से जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा है, साथ ही एजेंसी ने जैकलीन की इस अर्जी का विरोध भी किया है।

सुनवाई के दौरान ईडी ने अदालत के सामने कहा कि जैकलीन की ओर से दायर की गई अर्जी आधारहीन है। साथ ही कोर्ट से अतिरिक्त समय की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार किया।

इससे पहले पिछली सुनवाई में कोर्ट ने जैकलीन की अर्जी पर ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

Published: undefined

मुनमुन दत्ता ने बताया समर मॉर्निंग रूटीन का राज, पेट की सेहत के लिए शेयर किए खास देसी ड्रिंक

गर्मियों का मौसम आते ही लोग अपनी सेहत को लेकर ज्यादा सतर्क हो जाते हैं। खासतौर पर इस मौसम में पाचन संबंधी परेशानियां ज्यादा होती हैं, इसलिए खानपान पर ध्यान देना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में कई सेलेब्रिटीज भी अपने हेल्दी रूटीन को फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। इसी कड़ी में टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने अपने समर मॉर्निंग रूटीन की एक झलक सोशल मीडिया पर शेयर की, जो अब खूब चर्चा में है।

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में बबीता का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुकीं मुनमुन दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि वह सुबह की शुरुआत किस तरह से करती हैं।

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी एक वीडियो और कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनके हेल्दी नाश्ते की झलक देखने को मिल रही है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''मैंने सुबह के लिए एक ऐसी ड्रिंक तैयार की है, जो पेट की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है।''

Published: undefined

बेटी पर 'लकी चार्म' होने का दबाव देना ठीक नहीं, सफलता मेहनत और किस्मत से आती है : राजकुमार राव

फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के घर जब नए सदस्य का आगमन होता है, तो फैंस उसे 'लकी चार्म' मानने लगते हैं। लेकिन अभिनेता राजकुमार राव इस पर अलग सोच रखते हैं। हाल ही में पिता बने राजकुमार ने इस धारणा पर आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में खुलकर अपनी बात रखी और बताया कि वह अपनी बेटी के जन्म को किसी तरह की किस्मत से जोड़कर नहीं देखते।

आईएएनएस ने जब राजकुमार राव से पूछा कि क्या बेटी के जन्म के बाद उनकी जिंदगी में नया मोड़ आया है, इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ''मेरी बेटी मेरे जीवन में बहुत सारा प्यार लेकर आई है, लेकिन मैं इस पर विश्वास नहीं करता कि मेरी सफलता का कारण सिर्फ मेरी बेटी है। मेरा मानना है कि जिंदगी में जो भी मिलता है, वह मेहनत, समय और किस्मत का नतीजा होता है।''

राजकुमार ने आगे कहा, ''मैं अपनी बेटी पर किसी तरह का दबाव नहीं डालना चाहता। मेरी बेटी अभी बहुत छोटी है और उसका अपना एक अलग जीवन होगा। वह अपनी जिंदगी खुद बनाएगी और अपने फैसले खुद लेगी। ऐसे में उस पर यह उम्मीद रखना कि वह परिवार के लिए 'लकी' साबित हो, सही नहीं है। बच्चों को बिना किसी बोझ के अपनी पहचान बनाने की आजादी मिलनी चाहिए।''

इस बातचीत के दौरान राजकुमार ने एक खास संयोग का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि जिस दिन उनकी बेटी का जन्म हुआ, उसी दिन उनकी पत्नी पत्रलेखा को उनकी फिल्म 'फुले' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था। यह परिवार के लिए बेहद खास पल था, क्योंकि एक तरफ घर में नई खुशी आई और दूसरी तरफ प्रोफेशनल लाइफ में भी बड़ी उपलब्धि मिली।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined