
कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र की तारीखों की घोषणा में विलंब और परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी या तो असमंजस में है या फिर कोई ‘‘बेहद खतरनाक’’ योजना बना रही है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब शुरू होगा। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी आखिर क्या खेल खेल रही है, बशर्ते कि यह जोड़ी अब भी साथ है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा, बशर्ते कि शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा।’’
जयराम रमेश ने कहा, ‘‘अब तक देश को यह भी पता चल जाना चाहिए था कि संसद का मानसून सत्र दोबारा कब बुलाया जाएगा जिसका अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है, बशर्ते इसे दोबारा बुलाया जाए।’’
संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को दोनों सदनों की बैठकें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थीं, लेकिन सत्र का अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है।
कांग्रेस नेता ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के कथित प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि परिसीमन को लेकर ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का क्या फार्मूला है, अगर उनका कोई फार्मूला है तो।’’
जयराम ने कहा, ‘‘लगातार बने इस रहस्य से दो बातें साफ होती हैं। पहली यह कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी असमंजस में है और अपने ही झूठे दावों तथा आक्रामक बयानबाजी के जाल में फंस गई है। दूसरी यह कि वास्तव में कोई बेहद खतरनाक योजना बनाई जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि दोनों ही स्थितियों में ‘जीटीए’ (ज्ञानेश थेफ्ट अरेंजर्स यानी ज्ञानेश चोरी के इंतजाम करने वाले) के दो सितारे पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि संसद की संस्था पहले ही काफी कमजोर हो चुकी है तथा इस जोड़ी के कदम उसे और कमजोर कर रहे हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए