
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी बिहार दौरे पर हैं। प्रियंका गांधी के शुक्रवार को कई कार्यक्रम हैं। सबसे पहले उन्होंने कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम 'शक्ति पंचायत' में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं पूरे समाज का बोझ उठा रही हैं, लेकिन सरकार उन्हें नहीं देख रही है। करीब एक घंटे चले इस कार्यक्रम में प्रियंका गांधी ने कहा, 'आप अपनी शक्ति को नहीं पहचानती हैं। लेकिन पार्टियां समझ रही हैं। इसलिए चुनाव से पहले आपको पैसे दिए जा रहे हैं।
प्रियंका बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जब चुनाव सिर पर है तब इन्हें 10 हजार रुपए देने की योजना नजर आई।
कांग्रेस सांसद ने सवाल करते हुए कहा कि 20 साल से यह सरकार है, आखिर पहले इस योजना की शुरुआत क्यों नहीं की गई?
प्रियंका गांधी ने भरोसा दिया कि हम आपके सम्मान के लिए काम करेंगे। बिहार में महिलाओं को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा तथा तीन से पांच डिसमिल जमीन दी जाएगी, जो महिलाओं के नाम पर होगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय 10 हजार रुपए देने वालों को सबक सिखाना होगा। बीजेपी और नीतीश कुमार की सरकार महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकती है। इस सरकार को बदलना होगा। महागठबंधन में बिहार की सभी महिलाओं के लिए प्रति महीने 2,500 रुपए देने का निर्णय लिया गया है।
बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने महिलाओं से कहा कि यहां रोजगार के साधन नहीं है। पलायन के कारण आपके पति बाहर मजदूरी करते हैं और आपको यहां अकेले रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर आपको कई सहूलियतें दी जाएंगी।
प्रियंका गांधी ने कार्यक्रम में बिहार की आशा, आंगनवाड़ी, किसान, मजदूर एवं अन्य व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि इंडिया गठबंधन की सरकार उनकी समस्याओं का व्यापक समाधान पेश करेगी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए