देश

बिहार: नीतीश कुमार तेजस्वी की हर बात को कॉपी करते हैं, RJD सांसद संजय यादव ने CM पर साधा निशाना

संजय यादव ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव ने नौकरी का मुद्दा उठाकर नीतीश सरकार को इस पर बोलने के लिए मजबूर किया, जबकि पहले उनकी सरकार इस मुद्दे पर चुप रहती थी।

आरजेडी नेता और सांसद संजय यादव
आरजेडी नेता और सांसद संजय यादव 

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सांसद संजय यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस दावे को सिरे से खारिज किया है जिसमें सीएम ने कहा था कि 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। यादव ने नीतीश कुमार से जिला स्तर पर नौकरी पाने वालों की सूची जारी करने की मांग की है, ताकि दावे की पारदर्शिता साबित हो सके।

आरजेडी सांसद ने तंज कसा कि अगर नीतीश सरकार का दावा सही है, तो यह सूची जारी करने से ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा।

आईएएनएस से बातचीत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 50 लाख नौकरियां देने के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को जिलावार नौकरी का आंकड़ा पेश करना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ जाए। नीतीश कुमार को नकलची करार देते हुए आरोप लगाया कि वह तेजस्वी यादव की योजनाओं और बातों की नकल करते हैं।

संजय यादव ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव ने नौकरी का मुद्दा उठाकर नीतीश सरकार को इस पर बोलने के लिए मजबूर किया, जबकि पहले उनकी सरकार इस मुद्दे पर चुप रहती थी।

'वोटर अधिकार यात्रा' पर उन्होंने कहा कि सासाराम से यात्रा होगी, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन के नेता शामिल होंगे। उन्होंने पीएम मोदी और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी, फिर कोविड-19 के दौरान देशबंदी, और अब 'वोटबंदी' के जरिए उन लोगों के वोट काटे जा रहे हैं, जो बीजेपी को वोट नहीं देते। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की साजिश करार दिया। आरोप लगाया कि बिहार में दलित, पिछड़े, अति पिछड़े, और मुस्लिम समुदायों के मतदाताओं के नाम विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।

एसआईआर के विरोध में 17 अगस्त को सासाराम 'वोटर अधिकार यात्रा' शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन का उद्देश्य लोकतंत्र को स्वस्थ और समृद्ध बनाना है, जबकि बीजेपी इसे कमजोर करने में लगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता वाले बयान पर राजद सांसद ने पीएम मोदी के पुराने भाषणों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में मोदी ने कहा था कि लाल-लाल आंख दिखाने से काम नहीं चलेगा, लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में सीजफायर कर देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 साल के शासन में केंद्र की भाजपा सरकार आतंकवाद से निपटने में नाकाम रही है।

पुलवामा जैसे आतंकी हमलों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि इन हमलों के दोषियों का आज तक पता क्यों नहीं चला?

उन्होंने बिहार के विकास पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में उद्योग, प्रति व्यक्ति आय, और निवेश के मामले में कोई प्रगति नहीं हुई, और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बिहार सबसे पीछे है।

 आरजेडी सांसद ने कहा कि बिहार में सिर्फ वर्तमान मुद्दों पर बात होनी चाहिए, न कि इतिहास का जिक्र किया जाना चाहिए। रोजगार के दावों पर भी उन्होंने सवाल उठाया, पूछा कि बिहार में कितने युवाओं को रोजगार और कितने उद्योग दिए गए, इस पर बात की जानी चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • कांग्रेस ने छात्रों पर बिहार पुलिस की ‘बर्बरता’ का सबूत पेश किया, सम्राट और शाह को हटाने की मांग की

  • ,
  • प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरजे राहुल गांधी और खड़गे, 'शाह बताएं, छात्रों पर पैलेट गन चलाने का फरमान किसका था?'

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: प्रेस कॉन्फ्रेंस में गरजे राहुल गांधी, 'अमित शाह बताएं, शांत प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पीटने का फरमान किसका था?'

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में मामूली बढ़त, रुपये में गिरावट से चमका सर्राफा, सोना ₹2,000 और चांदी ₹5,200 उछली

  • ,
  • मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बारिश का कहर, बाढ़ के पानी में बही कार, दो बच्चों समेत 9 लोगों की मौत