
मध्य प्रदेश विधानसभा उप-चुनाव में शाम साढ़े 5 बजे तक 66.09 फीसदी वोटिंग हुई है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि लगभग 17 पोलिंग बूथ से कांग्रेस के पोलिंग अजेंट्स को हटा दिया गया है और बूथ कैप्चर करने की प्रक्रिया चल रही है। हम वहां दोबारा मतदान की मांग करते हैं।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, “सब-इंस्पेक्टर रवींद्र शर्मा बरौनी थाना जिला दतिया जो माननीय गृहमंत्री जी का भानजा दामाद है। वो खुलेआम अपने साथ दूसरी गाड़ी में गुंडा प्रवृति के लोगों को लेकर घूम रहा है और जबरदस्ती वोट डलवा रहा है। उसकी शिकायत हमने माननीय चुनाव आयोग को की है।”
कर्नाटक: राजा राजेश्वरी नगर और सिरा विधानसभा उपचुनाव में दोपहर 3 बजे तक 32.41% और 62.10% मतदान दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर मतदान के बीच मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। खबरों के मुताबिक, जोरी गांव में कार्यकर्ता भिड़ गए। इस दौरान गोली चली। खबरों के मुताबिक, सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू होने के बाद से अब तक चार बार फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
सुमावली से कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह ने कहा है कि कलेक्टर और एसपी से बार-बार शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने हिंसा वाले इलाकों में रिपोलिंग की मांग की है। कुशवाह ने कहा कि रिपोलिंग नहीं कराई गई तो कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आंदोलन करेगा। कुशवाह ने जिला निर्वाचन अधिकारी और केंद्रीय निर्वाचन आयोग में भी फायरिंग की घटना को लेकर शिकायत की है।
झारखंड उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक बेरमो में 46.07 फीसदी और दुमका में 46.96 फीसदी वोटिंग हुई है।
मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा, “पिछले 6 महीने में शिवराज जी के पास झूठ और घोषणाओं के अलावा कुछ नहीं बचा है। इसका परिणाम मध्य प्रदेश की जनता उन्हें 10 तारीख को देगी। मुझे विश्वास है कि मध्य प्रदेश का विकास, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाने का मौक जनता कांग्रेस को देगी।”
मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर 12 बजे तक 26.87 फीसदी मतदान हुआ है।
मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर के एक मतदान केंद्र में पत्नी संग वोट डाला।
मध्य प्रदेश के सांवेर विधानसभा सीट के तलावली चांदा क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाताओं को बहला फुसलाकर बीजेपी के पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मौके पर पुलिस मौजूद है।
ओडिशा में 9.81 फीदसी मतदान
झारखंड में 13.21फीसदी मतदान
नागालैंड में 36.98 फीसदी मतदान
छत्तीसगढ़ में 2.40 फीसदी मतदान
हरियाणा में 13 फीसदी मतदान
तेलंगाना में 12.74 फीसदी मतदान
नागालैंड के कोहिमा में मतदान करने के लिए एक मतदान केंद्र पर अपनी बारी आने का इंतजार करते लोग। नागालैंड में सुबह 10 बजे तक 37.66 फीसदी मतदान हुए। नागालैंड में आज विधानसभा की 2 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं।
हरियाणा के सोनीपत के बड़ौदा विधानसभा क्षेत्र बीजेपी उम्मीदवार योगेश्वर दत्त ने भैंसवाल कलां में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार लोग विकास के लिए वोट करेंगे।
गुजरात के लिंबडी विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार किरित सिंह राणा ने सुरेंद्रनगर में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
मध्य प्रदेश के इंदौर में राज्य विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान चल रहे हैं। कोरोना महामारी में हो रहे इस उपचुनाव में मतदान केंद्र पर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन के इंतजाम किए गए हैं। मध्य प्रदेश में आज विधानसभा की 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं।
यूपी के कानपुर के घाटमपुर की बूथ संख्या 160, 158, 161 पर ईवीएम खराब होने की वजह से अभी तक मतदान शुरू नहीं हो पाया है। उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा की 7 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है।
बिहार में दूसरे चरण के मतदान के साथ देश के 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है।
बिहार में दूसरे चरण के मतदान के साथ देश में 10 राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होना है, जिसके लिए आज वोटिंग होगी। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। मतदान की तैयारी पूरी हो गई है। जिन 54 सीटों पर वोट डाले जाने हैं, उनमें सबसे ज्यादा सीटें मध्य प्रदेश की हैं, जहां 28 सीटों पर मतदान होना है। मध्य प्रदेश में 12 मंत्रियों समेत कुल 355 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, गुजरात की 8, उत्तर प्रदेश की 7, ओडिशा, नागालैंड, कर्नाटक और झारखंड की 2-2 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हरियाणा की एक-एक सीट पर वोटिंग होनी है।
मध्य प्रदेश के 28 सीटों पर मतदान:
मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि मार्च 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के 22 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए, जिससे कमलनाथ की 15 महीने पुरानी सरकार गिर गई थी। इसके बाद तीन अन्य विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में शामिल हुए। इसके अलावा तीन अन्य सीटों पर उपचुनाव इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि वहां के विधायकों का निधन हो गया।
उत्तर प्रदेश में 7 सीटों पर मतदान:
उत्तर प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। मतदान में निर्दलीय समेत कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंग। जिन 7 सीटों पर मतदान हो रहा है। उनमें से 6 सीटें पहले सत्तारूढ़ बीजेपी के पास थीं और एक सीट समाजवादी पार्टी के पास थी। उपचुनाव का परिणाम 10 नवंबर को आएगा।
गुजरात की 8 सीटों पर मतदान:
गुजरात की 8 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। 2022 में गुजरात में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में यह उपचनाव गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष सीआर पाटिल के लिए परीक्षा है। जून में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया। गुजरात में इस चुनाव का बहुत रोमांच इसलिए नहीं है क्योंकि सरकार के पास खोने को कुछ नहीं है।
झारखंड में दुमका और बेरमो में मतदान:
झारखंड में जो उपचुनाव होना है वह दोनों सीटें सुरक्षित हैं। यह सीट बहुत ही खास है और बीजेपी और जेएमएम दोनों ने इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई मान लिया है। चुनाव प्रचार थमने से पहले बीजेपी और जेएमएम प्रत्याशियों के पक्ष में नेताओं ने कई रैलियां कीं। दुमका से बीजेपी प्रत्याशी लुईस मरांडी हैं, जबकि झामुमो प्रत्याशी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन चुनाव मैदान में हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Nov 2020, 6:41 AM IST