देश

‘नमो ऐप’ को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, कहा, यह है ‘अबकी बार, डेटा लीक सरकार’

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने डेटा लीक मामले में मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह ‘अबकी बार डेटा लीक सरकार’ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लगातार निजता पर हमले कर रही है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया  कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी 

नमो ऐप के जरिये डेटा लीक को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हैं। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार निजता पर लगातार हमले कर रही है। इसलिए अब मोदी सरकार का नाम डेटा लीक सरकार होना चाहिए। मोदी सरकार के लिए आईटी का मतलब ‘आइडेंटिटी थेफ्ट’ है। उन्होंने कहा कि आज बैंकों में लूट मची है, कभी नमो ऐप, कभी किसी ऐप का डेटा लीक हो जाता है, तो ऐसे में बैंकों का डेटा कितना सुरक्षित होगा यह कहना मुश्किल है।

उन्होंने आधार मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि यह मामला भी निजता से जुड़ा हुआ है और डेटा लीक से लोगों की निजता खतरे में पड़ गई है। आज भारतीयों का डेटा ‘नमो ऐप’ के जरिये इकठ्ठा किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि 13 लाख एनसीसी कैडेट को निजी डाटा को जमा करने के लिए बाध्य किया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लोग मिस्ड कॉल के जरिए मेंबरशिप नहीं लेते, बल्कि वह सीधे ही मेंबर बनते हैं। इसलिए बीजेपी के आरोप पूरी तरह गलत हैं।

इसस पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक के बाद एक ट्वीट कर निशाना साधा था। उन्होंने कहा ,”पीएम मोदी का ‘नमो ऐप’ गुपचुप तरीके से यूजर्स का वीडियो और ऑडियो रिकॉर्ड करता है। ‘नमो ऐप’ यूजर्स के दोस्तों और परिजनों के कॉन्टैक्टस भी हासिल कर लेता है और उनके जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) की भी निगरानी करता है।” उन्होंने आगे कहा कि, “वो बिग बॉस की तरह हैं जिस भारतीयों की जासूसी करना पसंद है।”

उन्होंने यह भी कहा था कि पीएम मोदी अपनी पद का गलत इस्तेमाल कर निजी डाटा को ऐप के द्वारा इकट्ठा कर रहे हैं। अगर प्रधानमंत्री देशवासियों के साथ संचार रखना चाहते है तो अच्छी बात है। लेकिन इसके लिए उन्हें पीएमओ ऐप का इस्तेमाल करना चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए