
दिल्ली के शाहदरा में ड्राइवर को गोली मारकर स्कूल बस से अपहरणकर्ताओं ने एक बच्चे का अपहरण कर लिया। यह वारदात दिलशाद गार्डन इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, स्वामी विवेकानंद स्कूल में केजी में पढ़ने वाला बच्चा अपनी बहन के साथ 25 जनवरी की सुबह करीब 7.30 बजे बस में सवार हुआ। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो हमलावर आए और बस को रोक दिया। इस दौरान बस में घुसकर बदमाशों ने ड्राइवर को बस से उतरने के लिए कहा। जब ड्राइवर ने बस लेकर भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी उसके बाद बच्चे को अपने साथ ले गए।
जिस वक्त यह वारदात हुई उस वक्त बस में करीब 22 बच्चे सवार थे। वारदात की सूचना के बाद जीटीबी एन्क्लेव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, ड्राइवर ने वैरिफिकेशन करवा रखा था और वह बीते 14 सालों से स्कूल की बस चला रहा है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए