देश

'प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस का 'अत्याचार'', राहुल गांधी बोले- 'पीएम से लेकर सिपाही तक को सब को दिलाएंगे सजा'

राहुल गांधी कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए, जिन्हें दिल्ली में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के कारण चोट आई है।

'प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने किया 'अत्याचार'', राहुल गांधी बोले- 'पीएम से लेकर सिपाही तक को सब को दिलाएंगे सजा' (फोटो: विपिन)
'प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने किया 'अत्याचार'', राहुल गांधी बोले- 'पीएम से लेकर सिपाही तक को सब को दिलाएंगे सजा' (फोटो: विपिन) 

  • राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों की पुलिस द्वार पिटाई किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।

  • राहुल गांधी ने गृह मंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। प्रधानमंत्री भी इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं।"

  • राहुल ने कहा कि जब यह पूरा मामला खत्म होगा तो हम सभी साक्ष्यों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जो जवाबदेह हैं, उन्हें दंडित किया जाए।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दोनों नेता ‘‘भारत की आवाज’’ के खिलाफ खड़े हैं।

पीएम मोदी और अमित शाह को राहुल की सलाह 

राहुल गांधी कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ मीडिया से मुखातिब हुए, जिन्हें दिल्ली में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के कारण चोट आई है।

गांधी ने इन छात्रों की ओर इशारा करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैसा कि मैंने अपनी प्रेस वार्ता में कहा था, अपने चारों ओर देखिए। यह भारत है। अमित शाह जी, इसे ध्यान से देखिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यहां कोई हिंदू, कोई मुसलमान, कोई जाति, कोई महिला या कुछ और नहीं है। यहां सिर्फ एक आवाज, एक विरोध है और वह भारत की आवाज है।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने गृह मंत्री को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। प्रधानमंत्री भी इस आवाज के खिलाफ खड़े हैं। मेरी आपको सलाह है कि इसके खिलाफ खड़े न हों। इस आवाज के खिलाफ कोई खड़ा नहीं हो सकता।’’

छात्रा पर दिल्ली पुलिस का अत्याचार! 

 गांधी ने इस दौरान केरल की निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा आथिरा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पुलिस कार्रवाई के कारण उसके एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है। उन्होंने कहा, ‘‘केरल की आथिरा के एक कान की सुनने की क्षमता चली गई है। उसके कान पर चोट मारी गई थी और अब वह उस कान से सुन नहीं सकती।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘पिछली बार मैंने आपको एक लड़का दिखाया था जिसकी आंखों की रोशनी चली गई थी। अब आथिरा एक कान से सुन नहीं सकती।’’

आथिरा का पुलिस पर गंभीर आरोप

आथिरा ने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया तो जिस बस में उन्हें ले जाया गया, उसमें कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।

छात्रा के मुताबिक, उसने पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि महिला पुलिस अधिकारी या महिला कांस्टेबल कहां हैं क्योंकि हिरासत में लेने की स्थिति में कम से कम एक महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी जरूरी है।

अथिरा ने आरोप लगाया कि इसके बाद बस चली और कनॉट प्लेस पुलिस थाने के सामने रुकी, जहां उसके चेहरे पर मारा गया। उसने कहा, ‘‘इसकी वजह से मेरी आंख में चोट लगी है और कान को भी नुकसान पहुंचा है।’’

दिल्ली पुलिस का छात्रों पर जुल्म का आरोप

उन्हीं में से एक बच्चे धर्मेंद्र कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "पुलिसकर्मियों ने हमसे कहा कि बोलो, दिल्ली पुलिस तुम्हारे पापा हैं। हमें बहुत मारा गया, हमसे अंकित कसाना नाम के एक पुलिसवाले ने कहा कि बुला ले अपने नेता को, तुम्हें कोई बचाने नहीं आएगा। हम फिर प्रोटेस्ट में जाएंगे, लेकिन अन्याय के खिलाफ झुकेंगे नहीं, लड़ेंगे और जीतेंगे।"

 समर्थ नाम के एक अन्य छात्र ने कहा, "हम लोग 4 अक्टूबर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और 5 अक्टूबर को हमें हिरासत में लिया गया। फिर हमें पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन ले जाकर वहाब सिंह तोमर नाम के पुलिसकर्मी के साथ 20 पुलिसवालों ने बुरी तरह से मारा। इसके बाद, हमें पीछे के रास्ते से निकाला गया और पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन से दिल्ली कैंट तक कांस्टेबल अंकित कसाना मारते हुए ले गए। जब मेरे साथी धर्मेंद्र ने कहा कि उन्हें उल्टी आ रही है तो पुलिसवालों ने कहा कि अपना बैग खोलो और उसी में उल्टी करो।"

 गुनाहगारों को दंडित किया जाएगा- राहुल गांधी 

राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनसे ‘‘प्यार और दिल से’’ एक बात कहना चाहते हैं कि उन्होंने सभी छात्रों से घटनाओं के वीडियो बनाने और साक्ष्य सुरक्षित रखने को कहा है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं हर छात्र से वीडियो बनाने और हमें भी साक्ष्य भेजने को कह रहा हूं। जब यह पूरा मामला खत्म होगा तो हम सभी साक्ष्यों का इस्तेमाल करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जो जवाबदेह हैं, उन्हें दंडित किया जाए।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए