
राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। पेपर लीक के विरोध में यहां भारी संख्या में छात्र पहुंच रहे हैं। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त अवरोधक लगाए हैं और उन्हें भारी-भरकम लोहे की जंजीरों से बांध दिया है, ताकि सुरक्षा घेरों को तोड़ने या हटाने की हर कोशिश को नाकाम किया जा सके। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह कदम कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दिल्ली में जारी आंदोलन के मद्देनजर उठाया गया है। सीजेपी परीक्षा प्रणाली में सुधार, नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। पुलिस को आशंका है कि सप्ताहांत में प्रदर्शनकारियों की संख्या और बढ़ सकती है।
पीटीआई ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि, नई दिल्ली जिले के संवेदनशील इलाकों, विशेष रूप से जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल और अन्य रणनीतिक स्थानों पर लोहे के अवरोधक कई स्तरों में लगाए गए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त अवरोधक लगाए गए हैं। इन्हें जंजीरों से बांधकर और ‘वेल्डिंग’ करके इस तरह मजबूत किया गया है कि इन्हें आसानी से हटाया या खिसकाया न जा सके। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।’’
इसके अलावा पूरे शहर में निगरानी और सुरक्षा उपाय भी बढ़ा दिए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली, मध्य और उत्तरी दिल्ली जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, क्योंकि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने या प्रतिबंधित इलाकों की ओर मार्च करने की आशंका है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जिला पुलिस इकाइयों को अत्यधिक सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्हें ऐसे असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की अद्यतन सूची तैयार रखने को कहा गया है, जो प्रदर्शन का फायदा उठाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस के एक सूत्र ने दावा किया कि प्रदर्शन स्थल के आसपास लगाई गई चेहरा पहचान प्रणाली (फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम) ने पिछले कुछ दिनों में वहां आने वाले आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 2,500 से अधिक लोगों की पहचान की है।
यह प्रणाली ऐसे लोगों की पहचान होते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क कर देती है, ताकि उन पर गोपनीय रूप से नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान का सत्यापन किया जा सके।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा योजना के तहत संवेदनशील स्थानों पर तोड़फोड़ रोकने संबंधी जांच, वाहनों की सघन तलाशी और गश्त भी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि इन व्यापक सुरक्षा इंतजामों का उद्देश्य शांतिपूर्ण प्रदर्शन सुनिश्चित करना है और सप्ताहांत में संभवत: भीड़ बढ़ने के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए