
दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया।
राठी जर्मनी सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने भारत आए थे।
राठी को हिरासत में लिए जाने पर आप सांसद संजय सिंह ने मोदी सरकार पर हमला बोला है।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले शनिवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया। राठी जर्मनी से इस प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। पुलिस सुबह 7:48 बजे उनके घर में दाखिल हुई। खबरों के मताबिक पुलिसकर्मी ध्रुव राठी के घर में तब घुसे जब उनकी मां ने दरवाजा खोला। देर रात से ही करीब 50 पुलिसकर्मी उनके आवास के बाहर डेरा जमाए हुए थे।
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई पर आप नेता संजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सांसद संजय सिंह ने एक्स पोस्ट कर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “एक चोर दूसरे चोर को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। देश के युवाओं की बुलंद आवाज ध्रुव राठी को मोदी जी ने गिरफ्तार कर लिया है।
मोदी जी, युवाओं के गुस्से से मत खेलिए, यह अच्छा नहीं होगा। ‘मोदी-ज्ञानू’ की वोट चोरी करने वाली जोड़ी का राज खत्म होना तय है।”
संजय सिंह ने अपने ट्वीट के साथ #वोट_चोर_गद्दी_छोड़ हैशटैग भी इस्तेमाल किया।
सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और प्रक्रियागत आवश्यकताओं का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने एहतियातन हिरासत की कार्रवाई तेज कर दी है और प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शनस्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए रणनीतिक स्थानों पर जवानों को तैनात किया है। अब तक पुलिस नई दिल्ली इलाके में विभिन्न स्थानों से सैंकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले चुकी है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए