हैदराबाद में बीते गुरूवार महिला पशु चिकित्सक की रेप के बाद निर्मम हत्या के बाद आरोपियों को सख्त सजा की मांग को लेकर हैदराबाद समेत पूरे देश में लोगों का गुस्सा अपने चरम पर है। ऐसे में राज्य की पुलिस महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा देने के बजाए उल्टा उनपर ही बंदिशें लगा रही है। हैदराबाद पुलिस ने महिलाओं के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें पुलिस ने महिलाओं को अपराधियों से बचने के तरीके बताए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा का हवाला देते हुए जिस तरह की एडवाइजरी पुलिस ने जारी की है उसे देख कर यही कहा जा सकता है कि पुलिस महिलाओं को सुरक्षा देने के बजाए उनके पैरों में बेड़ियां डाल रही है। पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में कुछ बातों का ध्यान रखने की सलाह दी है।
हैदराबाद में इस एडवाइजरी के जारी होने के बाद केंद्र और राज्य सरकार के अलावा पुलिस द्वारा महिलाओं को सुरक्षा देने के झूठे वादों की पोल खुल गई है। महिला डॉक्टर की हत्या मामले में पुलिस की लापरवाही भी एक बड़ी वजह रही। पुलिस की लापरवाही को लेकर ही पूरे देश के लोग आक्रोशित होकर सड़कों पर उतरे हुए हैं। इन हालातों के बीच महिलाओं की सुरक्षा के इन्तेजमों को पुख्ता करने के बजाए एडवाइजरी जारी होना हैदराबाद पुलिस प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा से पल्ला झाड़ने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ओडिशा के भुवनेश्वर में भी पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा देने के बजाए अपराधियों से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की थी और अब हैदराबाद में भी एडवाइजरी जारी कर पुलिस अपनी जिम्मेदारियों से पीछा छुड़ाने कि कोशिश कर रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए