
राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कहा कि भारत एक आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है।
राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ एक शैक्षणिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी एक बहुत बड़ी समस्या है।
उन्होंने कहा कि केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर एकबार फिर से हमाल बोला है। उन्होंने कहा कि कि भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। राहुल गांधी ने देश में भारी बेरोजगारी, कमजोर हो चुके विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली में मौजूद गहरी समस्याओं पर चिंता जताते हुए आगाह किया कि यदि भारत मौजूदा आर्थिक नीतियों पर आगे बढ़ता रहा, तो उसे गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस नेता ने मंगलवार को अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया था।
उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये योजनाएं देश की कमजोर हो चुकी आर्थिक बुनियाद को फिर से मजबूत करने में नाकाम रही हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘सीधी बात यह है कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। यही वास्तविकता है। आप इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकती है, लेकिन सच्चाई यह है कि भारत बेरोजगारी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। देश की शिक्षा प्रणाली में भी व्यापक समस्याएं हैं।’’
मंगलवार सुबह न्यूयॉर्क पहुंचे गांधी ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि छोटे और मझोले व्यवसाय तथा कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और रोजगार सृजन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने देश के विनिर्माण क्षेत्र को दोबारा मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय हैं, जो रोजगार पैदा करने का प्रमुख माध्यम हैं। कृषि भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत के लिए ये दोनों क्षेत्र बुनियादी जरूरत हैं, लेकिन अर्थव्यवस्था की रीढ़ कमजोर हो चुकी है।’’
उन्होंने कहा कि केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आप केवल सेवा क्षेत्र के माध्यम से पर्याप्त लोगों को रोजगार नहीं दे सकते। इससे एक, दो, तीन या पांच प्रतिशत लोगों को अवसर मिल सकते हैं, लेकिन सभी के भविष्य को सुरक्षित नहीं किया जा सकता। हमने तो मानो यह तय कर लिया है कि हमें विनिर्माण क्षेत्र की जरूरत ही नहीं है।’’
गांधी ने देश में निजी निवेश की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौतम अडानी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े उद्योगपतियों के कारोबारी समूह ही लगातार विस्तार कर रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायों को संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘भारत में निजी निवेश क्यों नहीं हो रहा है? देश में केवल (गौतम) अडानी और (मुकेश) अंबानी जैसे कारोबारी समूह ही क्यों आगे बढ़ रहे हैं? टाटा समूह पर भी अडानी का प्रभाव लगातार क्यों बढ़ रहा है?’’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों की मेहनत से जिस आर्थिक ढांचे को खड़ा किया था, उसे कमजोर कर दिया गया है। उन्होंने इस ढांचे को फिर से मजबूत बनाने की आवश्यकता जताई और कहा कि मजबूत विनिर्माण क्षेत्र के बिना भारत का सफल आर्थिक विकास संभव नहीं है।
गांधी ने कहा, ‘‘हम विनिर्माण के बिना सफलतापूर्वक आगे नहीं बढ़ सकते। यह बिल्कुल संभव नहीं है।’’
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए