देश

'प्रधानमंत्री मोदी के ‘झोला उठाने’ का वक्त आ गया', महंगाई को लेकर जयराम ने पीएम को घेरा

जयराम रमेश ने सरकारी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि खुदरा महंगाई मार्च के 3.40 प्रतिशत से लगातार बढ़ते हुए सितंबर में 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो 23 महीने का उच्चतम स्तर है।

प्रधानमंत्री के ‘झोला उठाने’ का वक्त आ गया: कांग्रेस
प्रधानमंत्री के ‘झोला उठाने’ का वक्त आ गया: कांग्रेस 

  • कांग्रेस ने महंगाई और ‘वोट चोरी’ को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर साधा निशाना।

  • जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अब ‘‘झोला उठाने का वक्त’’ आ गया है।

  • रमेश ने कहा, ‘‘‘अच्छे दिन’ का वादा करके सत्ता में आने वाली सरकार वोट चोरी के साथ साथ बचत चोरी भी कर रही है।’’

कांग्रेस ने महंगाई और ‘वोट चोरी’ को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए अब ‘‘झोला उठाने का वक्त’’ आ गया है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा किया कि सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54 प्रतिशत और खाद्य महंगाई 7.74 प्रतिशत हो गई है तथा खाने-पीने की कई वस्तुओं की कीमतों में तेज वृद्धि हुई है।

जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरा

उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए कहा, ‘‘हेडलाइन बताती है कि सितंबर महीने में महंगाई 5.54 प्रतिशत पहुंच गई है, लेकिन असली बात यह है कि खाद्य महंगाई 7.74 प्रतिशत हो गई है यानी खाने की लगभग हर चीज की कीमत हद पार कर चुकी हैं। जैसे प्याज 108 प्रतिशत महंगा, लहसुन 55 प्रतिशत, अदरक 63 प्रतिशत और नींबू 36 प्रतिशत महंगा हो गया है।’’

कांग्रेस नेता ने सरकारी आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि खुदरा महंगाई मार्च के 3.40 प्रतिशत से लगातार बढ़ते हुए सितंबर में 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो 23 महीने का उच्चतम स्तर है।

'प्रधानमंत्री जी अहंकार में डूबे हैं'

रमेश ने कहा, ‘‘महंगाई का असर सिर्फ थाली तक सीमित नहीं है। परिवहन, शिक्षा, कपड़े-जूते और घरेलू सामान सहित सब जरूरी सामान महंगे हो रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘गरीब की थाली से निवाला, मध्यम वर्ग की जेब से बचत गायब हो रही है और कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी अहंकार में डूबे हैं, जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रहे।’’

झोला उठाने का वक्त आ गया है- जयरा रमेश

रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘‘अच्छे दिन’ का वादा करके सत्ता में आने वाली सरकार वोट चोरी के साथ साथ बचत चोरी भी कर रही है।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘जब वोट चोर सरकार को जनता की नाराजगी और वोट खोने का डर ही नहीं है, तो वह जनता की परवाह क्यों करेगी?’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘अब यही हो रहा है। महंगाई बढ़ती जा रही है, वोट चोरी पर जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी मौनी बाबा बनकर बैठे हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब उनके लिए झोला उठाने का वक्त आ गया है।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में लिए गए, जंतर-मंतर पहुंचे थे दोनों

  • ,
  • युद्धविराम के दावों के बीच यूक्रेन में रूस के हमले जारी, रिहायशी इमारत पर ड्रोन हमला, दो लोगों की मौत

  • ,
  • जंतर-मंतर पहुंचे CJP नेता सौरव दास और अशुतोष रांका हिरासत में, अभिजीत दिपके बोले- 'आप प्रतिरोध को नहीं दबा सकते'

  • ,
  • राहुल गांधी के घर आज ‘चाय’ पर जुटेंगे इंडिया गठबंधन के नेता, आगे की रणनीति पर चर्चा संभव, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे

  • ,
  • मौसम अपडेट: राजस्थान, पंजाब-हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में आंधी-बारिश के आसार, दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम