देश

जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में मुठभेड़ दूसरे दिन भी जारी, अब तक दो आतंकवादी ढेर और दो जवान शहीद

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकियों में से एक के पाकिस्तानी नागरिक होने का संदेह है। मुठभेड़ में सेना का एक मेजर भी घायल हो गया। वहीं, सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर फोटो: PTI

जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकियों में से एक के पाकिस्तानी नागरिक होने का संदेह है। मुठभेड़ में सेना का एक मेजर भी घायल हो गया। वहीं, सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘रात में थोड़ी देर के लिए गोलीबारी रुकने के बाद कुलगाम में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान आज सुबह फिर से शुरू हो गया।’’

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने गुडार वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाए जाने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए, जिनकी पहचान सूबेदार प्रभात गौड़ और लांस नायक नरेंद्र सिंधु के रूप में हुई। इसके अलावा सेना का एक मेजर भी घायल हो गया।

गौड़ और सिंधु की मौत हो गई, जबकि मेजर की हालत स्थिर बताई गई है।

सेना की कश्मीर स्थित चिनार कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह "देश के लिए कर्तव्य निभाते हुए बहादुर सैन्यकर्मियों सूबेदार प्रभात गौड़ और लेफ्टिनेंट कमांडर नरेंद्र सिंधु के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करती है। उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा।"

इससे पहले, जम्मू कश्मीर पुलिस को खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने कुलगाम के गुडार जंगल में संयुक्त तलाश अभियान चलाया।

सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकवादियों को ललकारा, ‘जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारे गए आतंकवादियों में से एक स्थानीय था। वहीं एक अन्य आतंकी के पाकिस्तानी होने का संदेह है जिसका कोड नाम 'रहमान भाई' था।

पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने गुडार में मुठभेड़ स्थल का दौरा किया, जहां उन्होंने सेना के नेतृत्व में संयुक्त अभियान की सराहना की।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की तारीख का ऐलान, 16 दिसंबर को लौटेंगी, प्रवक्ता ने दी जानकारी

  • ,
  • CJP नेता सौरव दास को लंदन जाने से रोका! ऑक्सफोर्ड में देना था लेक्चर, दिल्ली एयरपोर्ट पर क्या हुआ?

  • ,
  • वीडियो: सोनिया गांधी की किताब में क्या रह गया अधूरा? राहुल-प्रियंका ने मां के साथ बातचीत कर उन्हीं पुरानी यादों को किया ताजा

  • ,
  • मौसम अपडेट: दक्षिण भारत के 8 राज्यों में बारिश, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बढ़ेगी ठंड, घने कोहरे की चेतावनी

  • ,
  • बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, शेख हसीना की पार्टी के 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल, दुकानें-घर जलाए गए