
पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों को राज्य में प्रवेश करने तथा 13 फरवरी को एक और विरोध-प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने से रोकने के लिए पंजाब-हरियाणा सीमा क्षेत्रों पर शनिवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी तथा अन्य माँगों को लेकर प्रदर्शन की तैयारी में हैं।
फ्लोर टेस्ट से पहले बिहार से बड़ी खबर सामने आई है, जानकारी के मुताबिक RJD विधायक और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने विधायकों को अपने घर पर रोका है।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी का कहना है, ''आज समापन टिप्पणियों का दिन था...वह (पीएम मोदी) 2 से 4 मिनट में सरकार की उपलब्धियों के बारे में बात कर सकते थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने अपना भाषण दोहराया, इसलिए हमें सुनना पड़ा ..."
यूपी बजट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "आज 80 करोड़ लोगों को इन्हें राशन देना पड़ रहा है। 80 करोड़ से अधिक लोगों का जीवन स्तर कब बेहतर होगा? उनके सपने कब पूरे होंगे, क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? ये लोगों के जीवन स्तर को बेहतर नहीं करना चाहते हैं केवल वोट की राजनीति करना चाहते हैं।.....सरकार इतना बड़ा बजट ला रही तो पैसा क्यों नहीं खर्च हो रहा है?.."
हल्द्वानी हिंसा घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, जिसने भी कानून तोड़ने का काम किया है कानून उसके साथ सख्ती से काम करेगा। हम दंगाइयों को नहीं बख्शेंगे।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि पंजाब की सभी लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी
हार की राजधानी पटना में 12 फरवरी को भारतीय विश्वकर्मा महासंघ द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में प्रदेश भर के विश्वकर्मा समाज के लोग जुटेंगे और अपने अधिकार की बात रखेंगे।
उत्तरी दिल्ली में एक निजी कंपनी के कैश कलेक्शन एजेंट से स्कूटी सवार दो लोगों ने 50 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात 9:30 बजे सिविल लाइंस थाने के पुलिस कंट्रोल रूम में (पीसीआर) कॉल आई, जिसमें मोनेस्ट्री मार्केट के पास एक फ्लाईओवर पर डकैती की जानकारी दी गई थी।
कॉल करने वाले के अनुसार, खजूरी खास निवासी राजेश अपनी स्कूटी से अपने घर जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। राजेश ने बताया कि जब वह फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी दूसरी स्कूटी पर सवार दो लोग उसके पीछे आ गए और चिल्लाकर उसकी गाड़ी अचानक रोक दी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एमके मीणा ने कहा, इसी दौरान अपराधियों ने 50 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया, जिसे राजेश ने अपने पैरों के पास रखा था।
राहुल गांधी ने प्रगति मैदान टनल को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "देश में भ्रष्टाचारियों का अमृतकाल चल रहा है! ₹777 करोड़ खर्च कर बनाई गई प्रगति मैदान टनल सिर्फ एक साल में उपयोग के लायक नहीं रही। प्रधानमंत्री विकास की हर परियोजना पर ‘प्लानिंग’ की जगह ‘मॉडलिंग’ कर रहे हैं, और ED, CBI, IT भ्रष्टाचार से नहीं, लोकतंत्र से लड़ रहे हैं।"
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा की घटना, आगजनी और उपद्रव को लेकर सरकार की तरफ से मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के अंतगर्त पड़ने वाले हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा में 8 जनवरी को जमकर उपद्रव मचा। इसमें कई गाड़ियों को उपद्रवियों ने फूंक दिया। पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए गए। पुलिस के कई जवान इस घटना में घायल हो गए। इस घटना में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही इस हिंसक घटना में 300 से ज्यादा लोगों को चोटें आई हैं।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई हिंसा को चिंतनीय बताया है। उन्होंने इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।
बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि "उत्तराखंड राज्य के हल्द्वानी में हुई हिंसा और उसमें जान-माल की क्षति अति-चिंतनीय है। अगर सरकार, प्रशासन व खुफिया तंत्र सतर्क होता तो इस घटना को रोका जा सकता था। सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए तथा अमन-चैन भी कायम करे।"
उन्होंने आगे लिखा, "उत्तराखंड से सटे उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भी आए दिन किसी ना किसी मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी रहती है, जिसे समय रहते सरकार को नियंत्रित कर लेना चाहिए ताकि यहां भी शांति व्यवस्था बनी रहे।"
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को शिवसेना-यूबीटी गुट द्वारा महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई होनी है, जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनका खेमा ही "असली" शिवसेना है।
शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर प्रकाशित वाद सूची के अनुसार, सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ 12 फरवरी को सुनवाई फिर से शुरू करेगी।
कश्मीर में शनिवार को भी भीषण ठंड जारी रही, जबकि लद्दाख के लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ा। रात के दौरान कारगिल शहर शून्य से 22.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान पर जम गया। मौसम विभाग ने बताया कि आज श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.9, गुलमर्ग में माइनस 7 और पहलगाम में माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
लद्दाख क्षेत्र में, लेह शहर में न्यूनतम तापमान माइनस 14.5 और कारगिल में माइनस 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
तेलंगाना कैबिनेट ने 2024-25 के लिए लेखानुदान बजट को मंजूरी दे दी है। इसे उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क विधानसभा में पेश करेंगे। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक में बजट को मंजूरी दे दी गई। उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू विधान परिषद में बजट पेश करेंगे।
दो महीने पहले सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला यह पहला बजट है। लोकसभा चुनाव के बाद 2024-25 का पूर्ण बजट पेश किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार रात को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें ऊना जिले में अपने पैतृक स्थान हरोली में दिल का दौरा पड़ा और चंडीगढ़ में पीजीआई ले जाते समय उनका निधन हो गया। सिम्मी अग्निहोत्री का शनिवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखली में पुलिस ने धारा 144 लगा दी है। दरअसल, स्थानीय लोग, खासकर महिलाएं विरोध-प्रदर्शन कर फरार तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां और उनके अनुयायियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रही है, जो 5 जनवरी को ईडी और सीएपीएफ कर्मियों और उनके समर्थकों पर हमला करने में शामिल है।
भ्रष्टाचार के मामले में अदियाला जेल में बंद पीटीआई के संस्थापक इमरान खान ने पाकिस्तान के आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत का दावा करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) के माध्यम से भाषण दिया।
एक्स पर, पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा: "प्रिय पाकिस्तानियों। आपने वोट डालकर आजादी की नींव रखी है। मैं आप सभी को 2024 चुनाव जीतने के लिए बधाई देता हूं। लंदन योजना को विफल कर दिया गया है। धांधली शुरू होने से पहले हम 150 सीटों पर जीत रहे थे। फॉर्म-45 के आंकड़ों के मुताबिक, इस वक्त हम 170 सीटों पर जीत रहे हैं।"
"कोई भी नवाज शरीफ पर विश्वास नहीं करेगा, जिन्होंने 30 सीटों पर पिछड़ने के बावजूद विजयी भाषण दिया। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी इसके बारे में बड़े पैमाने पर रिपोर्ट की है।''
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में शुक्रवार देर रात छात्र संघ चुनावों के आयोजन पर की गयी एक बैठक के दौरान आरएसएस से जुड़े एबीवीपी और वाम समर्थित समूहों के बीच हाथापाई हो गई। दोनों गुटों ने झड़प के बीच अपने सदस्यों के घायल होने का आरोप लगाया है।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) रोहित मीना ने कहा कि छात्रों की बैठक में हाथापाई हुई है। डीसीपी ने कहा, ''हम जेएनयू प्रशासन के संपर्क में हैं और मामले की जांच कर रहे हैं।''
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को कश्मीर घाटी और जम्मू शहर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। सूत्रों ने कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ की सहायता से एनआईए ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले और जम्मू शहर के गुज्जर नगर में कुछ स्थानों पर छापेमारी की।
अधिकारियों ने कहा कि ये छापेमारी मुख्य रूप से प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी (जेईआई) के सदस्यों के स्वामित्व वाले परिसरों पर हो रही है। उन्होंने कहा कि आगे की जानकारी जल्द ही बताई जाएगी।
आईएएनएस
इस सप्ताह दक्षिणी फिलीपींस के दवाओ डी ओरो प्रांत के गांवों में हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 27 हो गई है, जबकि 89 लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एक बयान में मैको नगरपालिका सरकार ने कहा कि 32 लोगों को भूस्खलन से बचाया गया है, जो मंगलवार रात मैको शहर में एक खनन स्थल के पास हुआ। हादसे में कई घर और दो बसें दब गईं।
बयान में कहा गया है कि कम से कम 89 लोग लापता हैं। पिछली रिपोर्ट में कहा गया था कि 15 शव बरामद किये गये हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय मीडिया ने शनिवार तड़के बताया कि आधी रात के बाद सीरिया की राजधानी दमिश्क के पश्चिम में इजरायल की ओर से मिसाइल हमला किया गया। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, दमिश्क के पश्चिमी ग्रामीण इलाकों में जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई। सरकार समर्थक अल-वतन समाचार आउटलेट ने कहा कि यह एक इजरायली हमला था।
फिलिस्तीनी राष्ट्रपति ने गाजा पट्टी के दक्षिण में राफा शहर में सैन्य अभियान शुरू करने की योजना के संबंध में इजरायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के एक बयान की निंदा की है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले, नेतन्याहू के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया था कि प्रधान मंत्री ने सेना को राफा को खाली करने के लिए तैयार रहने और हमास के अवशेषों को खत्म करने के लिए एक सैन्य अभियान शुरू करने का आदेश दिया था। शुक्रवार को फिलिस्तीनी प्रेसीडेंसी के बयान में कहा गया, "यह स्पष्ट है कि राफा में एक बड़ा सैन्य अभियान हमें युद्ध क्षेत्र से नागरिकों को निकालने के लिए मजबूर करेगा।"
देश के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने कहा कि जॉर्जिया के दक्षिण-पूर्व में रुस्तवी शहर के एक बाजार में गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
अधिकारियों ने शूटर को हिरासत में ले लिया है और उसकी पहचान कर ली है, मृतकों में उसका चाचा भी शामिल है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के हवाले से शुक्रवार को मंत्रालय के बयान में कहा गया कि घायल व्यक्ति शूटर का चचेरा भाई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
मीडिया ने बताया कि अमेरिकी-ब्रिटिश गठबंधन ने यमन के उत्तरी प्रांत सादा में हौथी ठिकानों पर दो हवाई हमले किए हैं। हौथी द्वारा संचालित अल-मसीरा टीवी ने शुक्रवार को कहा कि हमलों में उत्तरी सीमावर्ती जिले बाकिम के अल-कुतायनात इलाके को निशाना बनाया गया।
अल-मसीरा टीवी के अनुसार, ये हमले पश्चिमी बंदरगाह शहर होदेइदाह में कई स्थानों पर हौथी स्थलों को निशाना बनाकर शुक्रवार तड़के किए गए सिलसिलेवार हवाई हमलों के कुछ घंटों बाद हुए।
संयुक्त राष्ट्र के मानवतावादियों ने कहा है कि वे हैती के प्रमुख शहरों में बढ़ती अशांति को लेकर बेहद चिंतित हैं, जहां इस साल के पहले महीने में 1,100 से अधिक लोग मारे गए हैं या घायल हुए हैं।
मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) ने राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस और अन्य प्रमुख शहरों में हताहतों की संख्या के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय का हवाला दिया, जो दो साल की अवधि में सबसे अधिक है।
पाकिस्तान में आम चुनाव के नतीजे चुके हैं। पड़ोसी मुल्क में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिली है। कौन सरकार बनाएगा इसको लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। चुनाव परिणामों की ओर देखें तो इमरान खान समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने सबसे ज्यादा 98 सीटें जीती हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को 69 सीटें मिलीं, जबकि प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी को 51 सीटें मिलीं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Feb 2024, 8:10 AM IST