देश

महाराष्ट्र: ‘खुफिया विफलता के कारण नागपुर में हुई हिंसा’, विपक्ष का सरकार पर हमला

विजय वडेट्टीवार ने राज्य विधानसभा में गृह विभाग की बजटीय मांगों पर आश्चर्य जताया कि भड़काऊ बयानों के बावजूद राज्य के एक मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

नागपुर हिंसा की तस्वीरें
नागपुर हिंसा की तस्वीरें फोटोः IANS

महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्षी दलों ने बुधवार को सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाए और कहा कि प्रदेश सरकार अपनी खुफिया विफलता के कारण नागपुर में हिंसा को नहीं रोक सकी। नागपुर शहर में सोमवार रात उस समय हिंसा हुई, जब छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग कर रहे विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन के दौरान एक समुदाय के धर्मग्रंथ को जलाए जाने की अफवाह फैली और गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने विधानसभा में कहा कि नागपुर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह क्षेत्र है। उन्होंने आरोप लगाया, “आग किसने लगाई। अगर हिंसा पहले से ही योजनाबद्ध थी, तो जो हुआ वह खुफिया विफलता के कारण हुआ। हिंसा भड़कने के डेढ़ घंटे बाद तक पुलिस कहीं नजर नहीं आई।”

वडेट्टीवार ने राज्य विधानसभा में गृह विभाग की बजटीय मांगों पर आश्चर्य जताया कि भड़काऊ बयानों के बावजूद राज्य के एक मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

कांग्रेस नेता ने जानना चाहा, ‘‘उनसे इस्तीफा क्यों नहीं मांगा जा रहा है?”

इससे पहले, नागपुर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक प्रवीण दटके ने सदन में कहा कि हिंसा के दौरान महिला कांस्टेबलों के साथ छेड़छाड़ की गई।

शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) के नेता भास्कर जाधव ने बहस में कूदते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, “अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले बढ़ गए हैं। शिवसेना के पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई।”

मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में कहा था कि नागपुर में हुई हिंसा पूर्व नियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा था कि भीड़ ने कुछ चुनिंदा घरों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था। हिंसा के बाद नागपुर शहर के कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- प्रदर्शनकारी छात्रों का उत्पीड़न हुआ, ये भारत के भविष्य के लिए लड़े

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: उतार-चढ़ाव भरे सत्र के बाद शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद और रुपया हुआ मजबूत

  • ,
  • छात्रों के खिलाफ ‘हिंसा’ के लिए अमित शाह जिम्मेदार, संसद में आकर जवाब देने का साहस नहींः राहुल गांधी

  • ,
  • खेल: इरफान समेत कई पाक क्रिकेटर हो सकते हैं बैन और जोसेफ और सैमी विवाद में कूदे विवियन रिचर्ड्स

  • ,
  • अखिलेश यादव का मोदी सरकार पर हमला, कहा- बीजेपी ने राम मंदिर से लेकर जनता के भरोसे तक को नुकसान पहुंचाया