देश

‘मेट्रो, इंटरनेट और रास्ते बंद…प्रश्नपत्र लीक’, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद ने छात्रों के खिलाफ ‘‘क्रूर कदम’’ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेट्रो, रास्ते, दुकानें और इंटरनेट बंद कर दिए, लेकिन वह प्रश्नपत्र लीक नहीं रोक पाए।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मोदी सरकार पर एक बार फिर से बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद ने छात्रों के खिलाफ ‘‘क्रूर कदम’’ उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेट्रो, रास्ते, दुकानें और इंटरनेट बंद कर दिए, लेकिन वह प्रश्नपत्र लीक नहीं रोक पाए।

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘मेट्रो बंद करो। रास्ते बंद करो। दुकानें बंद करो। इंटरनेट बंद करो। खाना बंद करो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपना हक मांग रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘बस एक चीज बंद नहीं कर पाए, मोदी जी, प्रश्नपत्र लीक।’’

 दिल्ली में 18 मेट्रो स्टेशन बंद

जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के मद्देनजर मध्य दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशन शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बंद रहे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, ये स्टेशन सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर ‘इंटरचेंज’ (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नयी दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।

इंटरनेट भी बंद 

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है। इस बीच, दिल्ली में 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है, नई दिल्ली में कई जगह पर भारी सुरक्षा बल तैनात है और इंटरनेट भी बंद किया गया है।

इन मुद्दों को उठाते हुए ही राहुल गांधी नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि पेपर लीक के मामले में केंद्र सरकार को सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेना चाहिए।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए