
फोटो: सोशल मीडिया
राजस्थान सरकार में मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटों द्वारा पिटे पीड़ित युवक का अस्पताल में इलाज
राजस्थान सरकार में सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटों और उनके साथियों पर अलवर में युवक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। मारपीट में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला 19 दिसंबर का है। पीड़ित के मुताबिक शाम करीब चार बजे वह शिवाजी पार्क के ब्लॉक-3 में अपने किराए के कमरे में था। इसी दौरान मंत्री हेमसिंह भड़ाना के दोनों बेटे हितेश सिंह, सुरेंद्र सिंह और उनके कई साथी कमरे पर पहुंचे और बंदूक के बल पर उसका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद उसे वीर सावरकर नगर में अपने घर ले गए और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में युवक को हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं हैं।
Published: undefined
बताया जा रहा है कि युवक से मारपीट से एक दिन पहले यानी 18 दिसंबर को मंत्री हेमसिंह भड़ाना को उनके घर के बाहर आए कार सवार कुछ अज्ञात लोगों ने गालियां दी थीं। इसके बाद वे फरार हो गए थे। पीड़ित युवक के पिता के मुताबिक, जिस समय अज्ञात लोगों ने मंत्री हेमसिंह भड़ाना को गालियां दीं, उस वक्त उनका बेटा वहां खड़ा था। उनका कहना है कि मंत्री को गाली देने के आरोप में ही उनके बेटे की बुरी तरह से पिटाई की गई है, जबकि गाली देने वालों से उनके बेटे का कोई लेना-देना नहीं था।
Published: undefined
मंत्री हेमसिंह भड़ाना ने अपने बेटों पर लगे अपहरण और मारपीट के आरोप को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा, “मेरे बेटों पर जो भी आरोप लगाए गए हैं वे गलत हैं।” उधर पूरे मामले में एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब मंत्री हेमसिंह भड़ाना के बेटों पर दबंगई का आरोप लगा है। इस घटना से कुछ साल पहले भड़ाना के बेटे सुरेंद्र सिंह पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। आरोप था कि अलवर के शालीमार सोसाइटी में नशे में सुरेंद्र सिंह ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की थी। उस समय मंत्री हेमसिंह भड़ाना राजस्थान सरकार में खाद्य और आपूर्ति मंत्री थे। छेड़छाड़ की घटना को लेकर उस वक्त राजस्थान विधानसभा में हंगामा भी हुआ था।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined