
पाकिस्तान में भारतीय वायु सेना द्वारा मंगलवार को किए गए एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। भारत की कार्रवाई के जवाब में आज पाकिस्तान के एक विमान ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की, जिसे हवा में ही मार गिराया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि भारत की एयरस्ट्राइक के जवाब में पाकिस्तान ने जो कदम उठाया था भारत ने उसका कड़ा जवाब दिया और उनके लड़ाकू विमान को मार गिराया। उन्होंने कहा कि हवा में मार गिराए गए पाकिस्तानी विमान का मलबा उसी की सीमा में गिरा है। खबरों के हवाले से कहा जा रहा है कि उस विमान का पायलट पैराशूट से कूदने में कामयाब रहा है। हालांकि इसकी अभी पुष्टी नहीं हुई है।
एयर वाइस मार्शल आर जी के कपूर के साथ प्रेस को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ये कहा कि इस कार्रवाई में भारत का भी एक मिग-21 विमान क्रैश हो गया है और भारतीय वायु सेना का एक पायलट लापता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का दावा है कि भारतीय पायलट उनकी हिरासत में है, लेकिन अभी इसकी जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Feb 2019, 3:49 PM IST