
चारा घोटाले के एक मामले में सजा पाने के बाद रांची की एक जेल में बंद राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पटना स्थित आवास पर मकर संक्रांति के मौके पर इस वर्ष 'चूड़ा-दही भोज' का आयोजन नहीं होगा। आरजेडी के एक नेता ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर प्रत्येक वर्ष की तरह मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित होने वाला 'चूड़ा-दही भोज' का आयोजन नहीं किया जाएगा।
आरजेडी के विधायक भोला यादव ने कहा कि इस वर्ष आरजेडी कार्यकर्ता मकर संक्रांति का पर्व नहीं मनाएंगे। उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति के अवसर पर प्रत्येक वर्ष आरजेडी अध्यक्ष की ओर से अपने आवास पर 14 और 15 जनवरी को दो दिन चूड़ा-दही-तिलकुट का भोज दिया जाता रहा है। लालू के आवास पर चूड़ा-दही भोज चर्चित रहा है। इस भोज के लिए एक पखवाड़े पहले से तैयारी शुरु हो जाती थी।
14 जनवरी को जहां सभी लोगों को आमंत्रित किया जाता था, वहीं दूसरे दिन सिर्फ अल्पसंख्यक समाज के लोगों के लिए ही चूड़ा-दही भोज होता था। इस भोज में सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष के सभी दल के नेता और कार्यकर्ता पहुंचते थे।
इस बार मकर संक्रांति नहीं मनाए जाने के पीछे आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद के जेल में रहने तथा उनकी बहन गंगोत्री देवी का निधन माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Jan 2018, 10:17 PM IST