देश

दिल्ली के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में खुल रही दुकानें, शाम होने से पहले बंद

उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अब अधिकांश दुकानें खुलने लगी हैं। हिंसा झेल चुके इन इलाकों में दुकानों को पुलिस और सशस्त्र अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में खुलवाया जा रहा है। इसकी पहल स्वयं इलाके में तैनात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने की है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अब अधिकांश दुकानें खुलने लगी हैं। हिंसा झेल चुके इन इलाकों में दुकानों को पुलिस और सशस्त्र अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में खुलवाया जा रहा है। इसकी पहल स्वयं इलाके में तैनात वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने की है। इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती से अब यहां व्यापारियों में अपने प्रतिष्ठान खोलने का साहस लौटा है। मंगलवार सुबह मौजपुर के घोंडा चौक पर बंद पड़ी दुकानों को खुलवाया गया। यहां रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान चलाने वाले सुमित जैन ने कहा, “पुलिस आश्वासन और सुरक्षा के भरोसे के बाद हमने दुकान खोलने का फैसला किया है। इलाके में फिलहाल शांति है, लेकिन हिंसा की आशंका अभी भी मन में बनी रहती है।”

इलाके में हार्डवेयर की दुकान चलाने वाले रहमान ने कहा, “इस पूरी हिंसा के दौरान हमारे कई जानने वालों और रिश्तेदारों के घर और दुकानों को नुकसान पहुंचा, लेकिन मेरी दुकान पर कोई हमला नहीं किया गया। इसके बावजूद अभी तक हम दुकान खोलने का साहस नहीं जुटा पा रहे। अब पुलिस ने हमारे जान माल की सुरक्षा की पूरी गारंटी ली है। पुलिस से मिली इस गारंटी के बाद सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक हमने दुकान खोलने का फैसला किया है।”

यहां कई दुकानें ऐसी भी हैं, जिन्हें हिंसा के दौरान लूट लिया गया या फिर नुकसान पहुंचाया गया है। इनमें से कई दुकानों के मालिक अभी भी अपनी दुकानें खोलने को तैयार नहीं हैं। गोकुलपुरी में रहने वाले अंसार मोहम्मद ने कहा, “बीते आठ दिन हमारी रंग रोगन की दुकान बंद रही। फिलहाल हम डरे हुए हैं, सोमवार को पुलिस की मौजूदगी के चलते हमने दुकान खोलने का साहस किया। हालांकि शाम होने से पहले हमने दुकान बंद कर दी। अभी रात के समय दुकान खोलने के बारे में सोच भी नहीं सकते।”

गौरतलब है कि 24 फरवरी से 26 फरवरी के बीच हुई उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा में 47 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 250 से अधिक लोग इस हिंसा में घायल हुए हैं। हिंसा के बाद अब मौजपुर, बाबरपुर, जाफराबाद, कबीर नगर, करावल नगर, चांद बाग, बृजपुरी, यमुना विहार, गोकुल पुरी, भजनपुरा, सीलमपुर और मुस्तफाबाद समेत उत्तर पूर्वी दिल्ली के सभी हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस हिंसा फैलाने के आरोपियों और अब हिंसा को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों को गिरफ्तार कर रही है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • अमेरिका के साथ शांति समझौते पर ईरानी राष्ट्रपति बोले- 'सम्मान और ताकत' के साथ बढ़े आगे

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: हादसों का सोमवार, लखीसराय में मंदिर में भगदड़ से 7 की मौत, बंगाल के तारापीठ में होटल में आग से गई कई जानें

  • ,
  • पश्चिम बंगाल: बीरभूम में तारापीठ मंदिर के पास होटल में लगी भीषण आग, 7 तीर्थयात्री जिंदा जले, कई घायल, अस्पताल में भर्ती

  • ,
  • मौसम अपडेट: दिल्ली, UP-बिहार, राजस्थान और MP में भारी बारिश का अलर्ट, 16 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

  • ,
  • बिहार: सावन के तीसरे सोमवार पर बड़ा हादसा, अशोकधाम मंदिर में करंट फैलने की अफवाह से मची भगदड़, 7 लोगों की मौत