
तेजस्वी यादव ने चुनावों में कथित धांधली और बेईमानी को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि चुनाव आयोग ने किसके कहने पर चुनावों में धांधली की और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया?
तेजस्वी ने सवाल किया कि चुनाव आयोग अब डर के मारे अपने पूर्व के उन्हीं नियमों और फैसलों को क्यों बदल रहा है?
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए चुनावों में कथित धांधली और बेईमानी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि चुनाव आयोग ने किसके कहने पर चुनावों में धांधली की और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया?
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि यदि उनके पूर्व के फैसले सही थे, तो अब उन्हीं नियमों और फैसलों में बदलाव क्यों किया जा रहा है? तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने लिखा, "चुनाव आयोग ने किसके कहने पर चुनावों में धांधली की, बेईमानी की, डकैती की?" उन्होंने आगे सवाल किया कि चुनाव आयोग अब डर के मारे अपने पूर्व के उन्हीं नियमों और फैसलों को क्यों बदल रहा है?
तेजस्वी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्हें 'चोर' कहकर संबोधित किया और पूछा कि यदि उस समय उनके फैसले सही थे, तो अब वे अपने फैसलों से पीछे क्यों हट रहे हैं? उन्होंने कहा कि या तो उस समय के फैसले सही थे या फिर अब लिए जा रहे फैसले सही हैं।
आरजेडी नेता ने अपने पोस्ट में चुनावी प्रक्रिया को लेकर बेहद कड़ी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में जनादेश के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने लिखा कि इनलोगों ने चुनाव लूटे हैं। जनविश्वास का क़त्ल और लोकतंत्र की हत्या की है।
तेजस्वी यादव की इस टिप्पणी को चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में देखा जा रहा है। उनके बयान से एक बार फिर चुनाव आयोग की भूमिका और उसके फैसलों को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव एसआईआर को लेकर लगातार सरकार और चुनाव आयोग को घेरते रहे हैं। वह बीते सोमवार को दिल्ली में विपक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च में भी शामिल हुए थे।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए