देश

ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने का फिर दावा किया, नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई निराशा

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों को धमकी दी कि यदि लड़ाई जारी रही तो उन पर भारी शुल्क लगाएंगे। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों से लैस दोनों देश गुस्से में थे, लेकिन उन्होंने जंग रोक दी। ट्रंप ने दावा किया कि संघर्ष के दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे।

ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने का फिर दावा किया, नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई निराशा
ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने का फिर दावा किया, नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई निराशा फोटोः सोशल मीडिया

ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को रुकवाने का दावा किया

ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों को चेतावनी दी थी कि यदि लड़ाई जारी रही तो उन पर भारी शुल्क लगाया जाएगा

ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर निराशा जताते हुए कहा कि क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा में मध्यावधि चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान को भारी शुल्क लगाने की धमकी देकर दोनों देशों के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष को रुकवाया था। साथ ही उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर निराशा जताते हुए कहा, “मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिला? नहीं।”

ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग रोकने का फिर श्रेय लिया

ट्रंप ने शुक्रवार को रैली को संबोधित करते हुए पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष को बढ़ने से रोकने का फिर से श्रेय लिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों को चेतावनी दी थी कि यदि लड़ाई जारी रही तो उन पर भारी शुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों से लैस दोनों देश गुस्से में थे, लेकिन उन्होंने गोलीबारी रोक दी। ट्रंप ने दावा किया कि इस संघर्ष के दौरान “11 विमान मार गिराए गए थे।”

250 प्रतिशत का भारी-भरकम शुल्क लगाने की दी धमकी

ट्रंप ने कहा, ‘‘आप भारत और पाकिस्तान, दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों को रोकते हैं... मैंने कहा, ‘दोस्तों, अगर आप ऐसा करने जा रहे हैं, तो आप अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे... मैं आप दोनों पर 250 प्रतिशत का भारी-भरकम शुल्क लगा दूंगा, ताकि आप कोई कारोबार न कर सकें।’’’ उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान बहुत परेशान और गुस्से में थे, लेकिन उन्होंने गोलीबारी रोक दी और संघर्ष समाप्त हो गया।

ट्रंप ने कहा, “11 विमान मार गिराए गए थे। मैंने इन सभी युद्धों को रुकवाया और ऐसा करना वास्तव में मेरे लिए सम्मान की बात है...।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रयास में उन्हें संयुक्त राष्ट्र से कोई मदद नहीं मिली। ट्रंप ने कहा, “मैंने संयुक्त राष्ट्र को एक फोन तक नहीं किया। लेकिन हमने इन सभी युद्धों को रुकवा दिया तथा कुछ और युद्ध बाकी हैं। जब मैं राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ रहा था, तब मुझे अंदाजा भी नहीं था कि इतने सारे युद्ध हो रहे हैं।”

ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई निराशा

ट्रंप ने यह भी बार-बार कहा है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को सुलझाने में अपनी भूमिका के लिए वह नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं। उन्होंने आठ युद्धों को सुलझाने का श्रेय भी खुद को दिया है। फ्लोरिडा में रैली के दौरान ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर निराशा जताते हुए कहा, “मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिला? नहीं।”

भारत ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद सात मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया था।

ट्रंप बार-बार भारत-पाक जंग रुकवाने का दावा करते रहे हैं

ट्रंप बार-बार दावा करते रहे हैं कि मई 2025 में भारत और पाकिस्तान पर भारी शुल्क लगाने की उनकी धमकी से दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष समाप्त करने में मदद मिली थी। भारत ने अमेरिका की मध्यस्थता के ट्रंप के दावों को लगातार खारिज किया है। भारत का कहना है कि सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति 10 मई 2025 को दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधे बातचीत के जरिए बनी थी। भारत ने यह भी कहा है कि संघर्ष के दौरान अमेरिका के साथ व्यापार से जुड़ी कोई बातचीत नहीं हुई थी।

  • बड़ी खबर LIVE: ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान जंग रुकवाने का फिर दावा किया, नोबेल पुरस्कार नहीं मिलने पर जताई निराशा

  • ,
  • मोदी सरकार को बाइपास कर अंबानी से मिले रूबियो, रिलायंस के जरिये वेनेजुएला के तेल पर शिकंजा कसने की तैयारी

  • ,
  • एसआरएफटीआई छात्रों के प्रदर्शन को नसीरुद्दीन शाह का समर्थन, बोले- फिल्म निर्माताओं को डराना चाहती है बीजेपी

  • ,
  • बिहारः जेडीयू ने अनंत सिंह और नीलम देवी को 6 साल के लिए किया निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

  • ,
  • खेल: तिलक-नितीश की जोड़ी ने दूसरे टी20 में रचा इतिहास और कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच बने