
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय की देखरेख में कराए जाने की मांग की ।
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन यहां एक संवाददाता सम्मेलन में वेणुगोपाल ने कहा कि पिछले कई सालों से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) राम मंदिर के नाम पर चंदा इकट्ठा कर रहे हैं और उस सोने और पैसे को ट्रस्ट अथॉरिटी ने चोरी कर लिया ।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैं केवल एक सवाल पूछना चाहता हूं कि चंदा चोरी के लिए कौन जिम्मेदार है ? राम मंदिर ट्रस्ट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देखरेख (सुपरविजन) में बनाया गया। प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? ’’
उन्होंने कहा कि वह मांग करते हैं कि पूरे प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय की देखरेख में हो।
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी इस मामले को संसद में भी बड़े पैमाने पर उठाएगी।
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड में पार्टी मामलों की प्रभारी कुमारी सैलजा एवं उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद थे।
अगले साल की शुरूआत में उत्तराखंड में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि दो दिनों में उन्होंने पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की तथा इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर प्रदेश की राजनीतिक मामलों की समिति, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं विधायकों एवं पूर्व विधायकों के साथ बैठकें कीं।
उन्होंने कहा, ‘‘बहुत खुशी से मैं कहना चाहता हूं कि प्रदेश में पार्टी संगठन और नेतागण पूरी ताकत से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। प्रदेश में सब नेता एक साथ लड़ेंगे और जीतेंगे।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि विभिन्न बैठकों में नेताओं से बातचीत करने के बाद उनकी यह धारणा बनी है कि प्रदेश के लोग वर्तमान सरकार के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में बीजेपी सरकार से लोगों के मन में बहुत निराशा हुई है और प्रदेश में सरकार के खिलाफ बने इस वातावरण को कांग्रेस अपने पक्ष में करने के लिए पूरा जोर लगाएगी ।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी और उसके कारण हो रहा पलायन है लेकिन पिछले 10 सालों में बीजेपी की सरकार ने उसके लिए 'कुछ नहीं' किया । उन्होंने कहा, ‘‘हम उत्तराखंड के युवाओं के लिए लड़ाई लड़ेंगे ।’’
वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव घोषणापत्र तैयार करने के लिए एक ‘‘मैनीफेस्टो कमेटी’’ बनायी जाएगी जो युवा, छात्र, किसान, महिला सहित सभी वर्गों के लोगों के बीच जाकर मुद्दे टटोलेगी और उसके आधार पर एक अच्छा घोषणापत्र बनाया जाएगा।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए