
देशभर में मॉनसून का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 4 जून के आसपास केरल पहुंचने की संभावना जताई है। मॉनसून की इस संभावित दस्तक से पहले मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मॉनसून पहुंचने के बाद अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर समेत कई क्षेत्रों में भी मौसम तेजी से करवट ले सकता है।
Published: undefined
आईएमडी ने इस हफ्ते केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, असम और मेघालय में बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
दिल्ली में 3 से 5 जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, जौनपुर, चंदौली और चित्रकूट समेत कई जिलों में 3 से 6 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। 3 और 4 जून को कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में जौनपुर, चित्रकूट, आजमगढ़, चंदौली, बांदा और वाराणसी में 44 से 87 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं दर्ज की गई हैं।
Published: undefined
बिहार में 3 जून को किसी जिले के लिए विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन 4 जून को दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वहीं, 5 जून को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दूसरी ओर राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य जिलों में लू का असर बना रह सकता है।
राजस्थान में 3 से 5 जून तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 3 और 4 जून को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान में 5 जून तक मौसम सक्रिय रहेगा। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और अलवर में आंधी-बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है। पश्चिमी राजस्थान में 3 जून को धूलभरी आंधी का भी अलर्ट जारी किया गया है।
Published: undefined
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चमोली, पिथौरागढ़ और टिहरी में 2 से 6 जून तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और ऊना में 3 से 5 जून तक बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
पंजाब में भी 3 से 6 जून तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, बठिंडा, मोहाली और गुरदासपुर में आंधी-तूफान तथा तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined