
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित 'ना लादप्राओ' (Na Ladprao) पब में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों को पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम से भी कई शव बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग से बचने के लिए कई लोग वहां पहुंचे थे, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।
दमकल विभाग के अनुसार, आधी रात के बाद पब में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। धुएं के तेजी से फैलने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए।
हादसे के समय पब में मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि उसने स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा था। इसके कुछ ही क्षण बाद पूरे पब की बिजली चली गई और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में घना धुआं भर गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग मुख्य दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।
मौके पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग पर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है और वहां केवल जली हुई मेज-कुर्सियां तथा अन्य सामान दिखाई दे रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए