दुनिया

फ्लोरिडा में आसमान से मिसाइल की तरह गिरा जेट प्लेन, सड़क पर टकराते ही बना आग का गोला, 9 लोगों की मौत

फ्लोरिडा में टेक्सास से बहामास जा रहा लियरजेट 60 विमान क्रैश हो गया। सड़क पर गिरते ही विमान आग के गोले में बदल गया और सभी 9 लोगों की मौत हो गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान लियरजेट 60 विमान क्रैश होने से उसमें सवार सभी 9 लोगों की मौत।

  • विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था और दक्षिण फ्लोरिडा में एक व्यस्त सड़क के पास गिरा।

  • हादसे से पहले पायलट ने खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और तेज टर्बुलेंस की जानकारी दी थी।

  • विमान के तेजी से नीचे गिरने के दौरान पायलट ने कई बार इमरजेंसी संदेश भेजकर मदद मांगी थी।

फ्लोरिडा में एक जेट विमान के भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा 'लियरजेट 60' विमान रविवार को दक्षिण फ्लोरिडा में अचानक आसमान से नीचे आ गिरा। विमान सड़क से टकराते ही आग के गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान को बेहद तेज रफ्तार से नीचे गिरते और जमीन से टकराते ही जोरदार धमाके के साथ आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है।

सड़क पर गिरते ही आग के गोले में बदला विमान

हादसे का जो वीडियो सामने आया है, वह दुर्घटना की भयावहता को बयां करता है। सड़क पर चल रही कारों में मौजूद लोगों ने विमान के गिरने का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसमें विमान आसमान से किसी मिसाइल की तरह तेजी से नीचे आता दिखाई देता है। जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका होता है और विमान आग के बड़े गोले में बदल जाता है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और विमान का मलबा काफी दूर तक फैल गया। दुर्घटनास्थल पर चारों तरफ आग और काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। विमान रिहायशी मकानों से टकराने से बाल-बाल बचा और एक व्यस्त सड़क के पास जा गिरा।

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने हादसे की भयावहता का जिक्र करते हुए कहा कि विमान आसमान से किसी मिसाइल की तरह नीचे गिरता दिखाई दिया। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन गया और विमान के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए।

पायलट ने बताई थी खराब मौसम और विमान पर बर्फ जमने की बात

अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान 'लियरजेट 60' था, जो टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। विमान में कुल 9 लोग सवार थे। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की मदद के लिए एक टीम भेजने की बात कही है।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, हादसे से पहले विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा की ओर उड़ रहा था। इसी दौरान पायलट ने खराब मौसम, विमान पर बर्फ जमने और तेज टर्बुलेंस की जानकारी दी थी। उसने विमान को दो हजार फीट और ऊपर ले जाने की अनुमति भी मांगी थी।

तेजी से नीचे गिरने लगा विमान, पायलट ने भेजा 'मेडे-मेडे' संदेश

रिकॉर्डिंग के मुताबिक, पायलट ने विमान पर हल्की पारदर्शी बर्फ जमने और हल्के टर्बुलेंस की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद विमान की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और उसने अचानक ऊंचाई खोनी शुरू कर दी। विमान पहले 10 हजार फीट प्रति मिनट, फिर 20 हजार फीट और बाद में 30 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरने लगा। इस दौरान विमान की गति उसकी निर्धारित डिजाइन सीमा से भी अधिक हो गई।

हालात बेकाबू होते देख पायलट ने इमरजेंसी संदेश भेजा और बताया कि विमान बेहद तेजी से नीचे जा रहा है। इसके बाद उसने 'मेडे, मेडे' कहकर मदद मांगी। आखिरी रेडियो संदेश में पायलट ने विमान के जमीन से टकराने की आशंका को लेकर भी चेताया था। इसके कुछ ही पलों बाद विमान तेजी से दाईं ओर मुड़ा और जमीन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई। अब जांच एजेंसियां दुर्घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हैं।