दुनिया

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच ओमान तट के पास एक और टैंकर पर हमला, जहाजों को सतर्क रहने की सलाह

होर्मुज स्ट्रेट में ओमान के पास एक और टैंकर पर अनजान प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है। UKMTO ने जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, मंगलवार देर रात एक मालवाहक जहाज ने वीएचएफ चैनल-16 पर डिस्ट्रेस कॉल भेजकर बताया कि उस पर एक अनजान प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ है। यह घटना ओमान के अल खसब से करीब 20 नॉटिकल मील (37 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में होर्मुज स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से में हुई।

यूकेएमटीओ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमला किसने किया। हालांकि, हाल के दिनों में ओमान के तट और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे इस अहम समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरी हो गई है।

कुछ ही दिनों में दूसरा हमला, धमाके की भी मिली जानकारी

इससे पहले शुक्रवार को भी ओमान के लीमा से करीब 12 मील (20 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में एक अज्ञात टैंकर पर हमला हुआ था। वहीं, यूकेएमटीओ ने यह भी जानकारी दी कि होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी प्रवेश द्वार के पास एक अन्य टैंकर के चालक दल ने जहाज के नजदीक धमाके की आवाज सुनने की सूचना दी थी। हालांकि, उस घटना में जहाज और उसके सभी क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।

एजेंसी की रविवार की एडवाइजरी के अनुसार, उसे रविवार को 20:37 ग्रीनविच मीन टाइम पर जहाज के मास्टर से रिपोर्ट मिली थी। मास्टर ने बताया कि जब जहाज ओमान के खासाब से लगभग 20 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में था, तभी धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद एजेंसी ने इलाके से गुजरने वाले सभी जहाजों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बढ़ी समुद्री गतिविधियों पर नजर

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। यूकेएमटीओ ने भी हाल के दिनों में समुद्री सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाओं की जानकारी दी है, जिनमें ज्यादातर ओमान के तट के पास होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में हुई हैं।

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (अमेरिकी समय) को कहा कि ईरान के साथ बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने अमेरिका से ईरान पर प्रस्तावित सैन्य स्ट्राइक रोकने का अनुरोध किया है। ऐसे में क्षेत्र में कूटनीतिक प्रयास और समुद्री सुरक्षा दोनों पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए