
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के हारने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने दावा किया कि अगर उनका नाम भी चुनावी बैलेट पर होता तो रिपब्लिकन पार्टी को भारी जीत मिलती। हालांकि, उन्होंने चुनावी नतीजों को स्वीकार करने और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जताई है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह खुद चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे। अगर उनका नाम बैलेट पर होता तो रिपब्लिकन पार्टी बड़े अंतर से जीत हासिल करती। उन्होंने अपने पोस्ट में 'इन अ लैंडस्लाइड' शब्द का इस्तेमाल करते हुए भारी बहुमत से जीत का दावा किया।
हालांकि, ट्रंप ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि रिपब्लिकन पार्टी के हारने के पीछे क्या वजह रही। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अगर वह चुनाव लड़ रहे होते तो पार्टी का प्रदर्शन बेहतर होता।
सोशल मीडिया पोस्ट के अलावा ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में भी चुनावी नतीजों को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। उनसे जब पूछा गया कि क्या वह मिडटर्म चुनाव के परिणाम स्वीकार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उसके साथ काम करने की कोशिश करेगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष किसी साझा रास्ते पर पहुंच सकते हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के दो साल बाद मिडटर्म चुनाव कराए जाते हैं। इनमें प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की लगभग एक तिहाई सीटों के लिए मतदान होता है। इन चुनावों के नतीजे तय करते हैं कि अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में किस पार्टी का बहुमत रहेगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए