दुनिया

ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं 7 शर्तें, कतर के जरिए पहुंचाया संदेश, बोला- नहीं मानीं तो निर्णायक जंग के लिए तैयार

ईरान ने अमेरिका से बातचीत के लिए सात शर्तें कतर के जरिए पहुंचाई हैं। तेहरान ने जंग खत्म करने, फंड जारी करने और नाकेबंदी हटाने की मांग की है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

  • ईरान ने अमेरिका के सामने बातचीत के लिए 7 शर्तें रखीं।

  • कतर के जरिए अमेरिका तक पहुंचाई गईं ईरान की शर्तें।

  • जंग खत्म करने और फंड जारी करने की मांग।

  • शर्तें नहीं मानीं तो निर्णायक जंग की चेतावनी।

ईरान और अमेरिका के बीच जारी जंग के बीच बातचीत का रास्ता खोलने की एक नई कोशिश सामने आई है। ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करने के लिए सात शर्तें रखी हैं और इन्हें कतर के जरिए वॉशिंगटन तक पहुंचाया गया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसिन रेज़ाई ने कहा है कि तेहरान अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है। हालांकि, ईरान की बताई गई सातों शर्तों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की गई है।

जंग खत्म करने के लिए ईरान की प्रमुख मांगें

रेजाई के मुताबिक, बातचीत के लिए ईरान की प्रमुख शर्तों में सभी मोर्चों पर जंग खत्म करना, रोके गए ईरानी फंड को जारी करना और अमेरिकी समुद्री नाकेबंदी हटाना शामिल है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करने के लिए सात शर्तें तय की हैं और उसका रुख बिल्कुल स्पष्ट है। रेज़ाई ने यह भी कहा कि कतर ईरान की शर्तें अमेरिका तक पहुंचा चुका है और अब तेहरान ट्रंप के जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है।

रेजाई ने कहा कि इन शर्तों को स्वीकार करना अमेरिका के हित में होगा। उन्होंने ट्रंप की धमकियों को लेकर कहा कि इससे कोई नतीजा नहीं निकलेगा और ईरान निर्णायक जंग के लिए भी तैयार है। इस तरह ईरान की ओर से बातचीत की पेशकश के साथ सैन्य कार्रवाई की स्थिति में कड़ा जवाब देने का संदेश भी दिया गया है।

कतर और पाकिस्तान के जरिए बातचीत की कोशिश

पिछले महीने एक समझौते (MoU) की समय-सीमा खत्म होने के बाद से ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत दोबारा शुरू कराने की कोशिशें चल रही हैं। इसमें कतर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। रेज़ाई ने बताया कि ईरान कतर के संपर्क में है और उसके जरिए अपनी शर्तें अमेरिका तक पहुंचा चुका है। अब तेहरान की नजर ट्रंप की प्रतिक्रिया पर है।

ईरान ने बदली सैन्य रणनीति, बड़े जवाब की चेतावनी

बातचीत की कोशिश के साथ ईरान ने सैन्य मोर्चे पर भी अपनी तैयारी का संकेत दिया है। रेज़ाई ने कहा कि तेहरान हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और उसने अपनी सैन्य योजना में बदलाव किया है। उन्होंने हाल में किसी अमेरिकी जहाज या एयरक्राफ्ट कैरियर के पास मल्टी-वॉरहेड एंटी-शिप मिसाइल के परीक्षण का भी दावा किया। इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान के सुरक्षा प्रमुख ने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले समय में तेहरान की कोई भी जवाबी कार्रवाई बड़े पैमाने पर हो सकती है। जब रेजाई से पूछा गया कि क्या जंग जल्द खत्म हो सकती है, तो उन्होंने कहा कि व्यावहारिक रूप से जंग अभी जारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि तेहरान ऐसी रणनीति पर काम कर रहा है जिसका मकसद टकराव को जल्द से जल्द खत्म करना है। यानी ईरान एक तरफ बातचीत का रास्ता खुला रखे हुए है, वहीं दूसरी तरफ जंग आगे बढ़ने की स्थिति के लिए अपनी सैन्य तैयारी भी जारी रखे हुए है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए