
इजरायल और हमास के बीच भीषण जंग जारी है। दोनों एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। जंग में अब तक 2700 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें से 1200 लोगों की मौत इस्राइल में हुई है और 1500 से ज्यादा लोग गाजा पट्टी में मारे गए हैं।
इजरायली डिफेंस फोर्सेस ने एक वीडियो जारी करते हुए लिखा, इजरायली सेना ने गाजा सिक्योरिटी फेंस के नजदीक एक बड़ा लाइव ऑपरेशन करते हुए हमास द्वारा बंधक बनाए गए 250 बंधकों को छुड़ा लिया। इस दौरान हमास के 60 से ज्यादा लड़ाके मारे गए। आईडीएफ के मुताबिक, इस दौरान 26 को पकड़ा गया। इनमें हमास दक्षिणी नौसेना डिवीजन के उप कमांडर मुहम्मद अबू अली भी शामिल है।
इजरायल ने दावा किया है कि उसने गाजा पर हमास के ठिकानों को निशाना बनाने के लिए 6 हजार बम गिराए हैं, जिनका वजह 4 हजार टन रहा है। यह सारे बम 6 दिनों के अंदर गिराए गए हैं। इजरायली एयरफोर्स ने बताया कि 3600 जगहों को टारगेट किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक के मुताबिक, इजरायल और हमास के बीच चल रहे जंग की वजह से 4.23 लाख फलस्तीनी बेघर हुए हैं। दुजारिक ने बताया कि गाजा में संयुक्त राष्ट्र के तहत चलाए जाने वाले 92 स्कूलों में करीब 2,18 लाख लोगों ने शरण ली है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चेतावनी देते हुए कहा है कि गाजा की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, यह टूटने की कगार पर है। इजरायल की एयरस्ट्राइक की वजह से गाजा के अस्पतालों को भी नुकसान पहुंचा है। गाजा में मानवीय आपदा की चेतावनी दी गई है।
इजरायल के सूचना मंत्री गैलिट डिस्टेल एटबेरियन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने मंत्रालय के पैसे को दक्षिणी इजरायल के नागरिकों के लिए इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय देश के लिए कोई महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सकता। लोगों के पैसे को सही जगह इस्तेमाल किया जाए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए