
इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है। इस बीच हमास के कब्जे से बंधकों की रिहाई की मांग करते हुए तेल अवीव में प्रदर्शन किया गया है। पुरुषों, महिलाओं और बच्चों समेत सैकड़ों इजरायलियों ने तेल अवीव की सड़कों पर प्रदर्शन किया और उन्होंने दुनियाभर के लोगों से उन लोगों को वापस लाने में मदद करने की अपील की, जिन्हें 7 अक्टूबर से हमास ने बंधक बना रखा है।
दो भाई-बहन, ओलिवर और अनिया को अपनी चचेरी बहन शेरोन कोनियो अलोनी (35), उनके पति डेविड कोनियो (38) और उनके बच्चों एमिया अलोनी (5), कोनियो एमा (3) और यूली कोनियो (3) की रिहाई की मांग करते हुए तख्तियां पकड़े देखा गया।
प्रदर्शन के दौरान आंसू बहाते हुए प्रदर्शनकारी ओलिवर और अनिया ने कहा कि हम चाहते हैं कि सरकार, नागरिक समाज और दुनियाभर के लोग उनके परिवार के सदस्यों को जीवित वापस लाने में मदद करें।
इसी तरह के दृश्य शबाथ के दिन तेल अवीव के म्यूजियम स्क्वायर में देखे गए, जहां कई लोग हमास की कैद से बंधकों की रिहाई के लिए प्रार्थना कर रहे थे। गुस्साए पुरुष और महिलाएं हमास द्वारा निर्दोष लोगों की अमानवीय हत्याओं और अपहरण पर अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए भी देखे गए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए