
ईरान में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। मशहद से करमानशाह जा रहे सेपहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी परेशानी के चलते वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा। लैंडिंग के दौरान विमान के अंदर का मंजर इतना डरावना था कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
मंगलवार को हुई इस घटना के दौरान विमान के लैंडिंग गियर का एक टायर फटकर अलग हो गया था। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले आए।
लैंडिंग के वक्त विमान के केबिन की छत का अंदरूनी हिस्सा अचानक यात्रियों के ऊपर आ गिरा। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरता है और उसके साथ यात्रियों का सामान भी गिरने लगता है। घटना के बाद विमान के अंदर का कुछ हिस्सा खुला हुआ नजर आया। इस दौरान यात्री घबराकर चीखते हुए भी दिखाई दिए।
हालांकि, इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी। विमान के सुरक्षित रूप से लैंड करने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। बाद में उन्हें करमानशाह पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई।
शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया कि टेकऑफ के दौरान विमान का एक टायर फट गया था। हालांकि, इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान में आई तकनीकी समस्या की वास्तविक वजह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
ब्राजील के न्यूज आउटलेट यूओएल ने ईरान के रजावी खोरासान प्रांत की सरकार के हवाले से घटना की जानकारी दी। वहीं, ईरानी न्यूज एजेंसी आखरीन खबर की ओर से जारी वीडियो में लैंडिंग के दौरान केबिन की छत का हिस्सा यात्रियों के ऊपर गिरते हुए दिखाई देता है।
सेपहरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी ने ईरानी सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स के हवाले से बताया कि सभी यात्री सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए। इसके बाद यात्रियों को उनके गंतव्य करमानशाह पहुंचाने के लिए दूसरी उड़ान में भेजा गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए