
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में तड़के करीब 3 बजे एक नागरिक घर पर बमबारी का दावा किया गया।
कुनार और हेलमंद में हुए हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं।
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कथित हवाई हमलों को आक्रामक कार्रवाई और अपराध बताया है
अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांत में पाकिस्तानी विमानों द्वारा एक बार फिर एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा किया गया है। अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक, इन हमलों में नागरिक घरों को निशाना बनाया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। हमलों में तीन घरों के तबाह होने की भी जानकारी सामने आई है।
टोलो न्यूज के मुताबिक, कुनार प्रांत के शेल्टन जिले की चोगाम घाटी में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक नागरिक के घर को निशाना बनाकर बमबारी की गई। स्थानीय सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि इस हमले में पांच लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हुए। मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं।
हमले के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में पाकिस्तान के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।
वहीं, हेलमंद प्रांत के गरमसिर जिले के सफर इलाके में भी नागरिक घरों पर हवाई हमला किए जाने का दावा किया गया है। अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पिछली रात पाकिस्तानी विमानों ने कुनार के शेल्टन जिले के चोगाम इलाके और हेलमंद के गरमसिर जिले के सफर इलाके में नागरिक ठिकानों पर बमबारी की।
मुजाहिद के अनुसार, इन हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हुई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने हमलों की निंदा करते हुए इसे आक्रामक कार्रवाई और अपराध बताया। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन है।
कुनार और हेलमंद में हुए इन कथित हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए