दुनिया

पाकिस्तान चुनाव LIVE: रूझानों में इमरान खान को बहुमत के आसार, नवाज शरीफ की पार्टी दूसरे नंबर पर

पाकिस्तान चुनाव LIVE: रूझानों में इमरान खान को बहुमत के आसार, नवाज शरीफ की पार्टी दूसरे नंबर पर

नवजीवन ग्राफिक्स
नवजीवन ग्राफिक्स 

इमरान खान की पार्टी बहुमत के करीब

इमरान की पार्टी 94 सीटों पर आगे, नवाज की पार्टी दूसरे स्थान पर

पाकिस्तान में आम चुनाव में पड़े वोटों की गिनती का काम जारी है। शुरुआती रुझानों में पाकिस्तान में त्रिशंकु संसद की संभावना दिख रही है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार शुरुआती रुझानों में इमरान खान की पार्टी पीटीआई सबसे आगे चल रही है। इमरान की पार्टी नेशनल असेंबली की 94 सीटों पर जबकि नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन 56 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी 29 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

शुरुआती रूझानों में त्रिशंकु संसद की संभावना, लाहौर से इमरान खान पीछे

पाकिस्तान में जारी आम चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद अब मतों की गिनती का काम जारी है। शुरुआती रुझानों में त्रिशंकु संसद की संभावना दिख रही है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार इमरान खान की पार्टी पीटीआई नेशनल असेंबली की 60 जबकि नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन 41 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी 26 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर है।

वहीं, इस चुनाव में प्रधानमंत्री के प्रबल दावेदार के तौर पर देखे जा रहे इमरान खान लाहौर की एनए-131 सीट पर पीएमएल-एन के उम्मीदवार से पीछे चल रहे हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

मतदान हुआ खत्म, थोड़ी देर में आने शुरू होंगे रुझान

पाकिस्तान में हो रहे आम चुनाव के लिए सुबह से चल रही वोटिंग खत्म हो गई है। पाकिस्तानी समय के मुताबिक मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक था, लेकिन कई बूथों पर मतदाताओं की भारी भीड़ होने की वजह से कई बूथों पर समय समाप्त होने के बाद भी विटिंग की इजाजत दी गई।

मतदान प्रक्रिया की समाप्ति के बाद मतगणना का काम भी शुरू हो गया है। कुछ ही देर में नतीजों के रुझान आने शुरू हो जाएंगे।

पाकिस्तान के आम चुनाव में 272 सीटों के लिए लगभग 100 राजनीतिक दल चुनाव मैदान में हैं और मुख्य मुकाबला नवाज शरीफ, इमरान खान और बिलावल भुट्टो की पार्टी के बीच है। इन सीटों के पर 3,549 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पाकिस्तान में 60 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 प्रतिशत सीटें हिंदुओं सहित अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने इमरान खान को नोटिस जारी किया

पाकिस्तान चुनाव आयोग ने इमरान खान को नोटिस जारी किया है। मतदान के दौरान इमरान खान पर वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का आरोप लगा है। ऐसे में उनका वोट रद्द भी किया जा सकता है।

पूरे पाकिस्तान में मतदान जारी है। शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 272 सीटों पर 3,549 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं 60 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 फीसदी सीटें हिंदुओं समेत दूसरे धार्मिक अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

रद्द हो सकता है इमरान खान का वोट

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान का वोट रद्द हो सकता है। उन पर मतदान के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का आरोप लगा है। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से लिया है।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान आम चुनाव में दिग्गज हस्तियों ने वोट डाले

पाकिस्तान में हो रहे 11वें आम चुनाव के लिए प्रमुख पार्टियों के नेताओं ने वोट डाले। पीएमएल-एन के अध्यक्ष शाहबाज शरीफ ने लाहौर के मॉडल टाउन में वोट डाला। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए शहबाज शरीफ ने लोगों से देश के मुकद्दर को बदलने के लिए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "आज वह दिन होगा जब पीएमएल-एन की जीत होगी।"

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

फोटो: सोशल मीडिया

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान ने इस्लामाबाद निर्वाचन क्षेत्र में अपना वोट डाला, जहां से वह भी चुनाव लड़ रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मौजूदा स्थिति को बदलने के लिए जनता से वोट देने का आग्रह किया।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

फोटो: सोशल मीडिया

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने लरकाना में वोट डाला। उन्होंने क्वेटा में आतंकवादी हमले और साथ ही सिंध के लरकाना और संघार इलाकों में हुई हिंसा की घटनाओं की निंदा की।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

फोटो: सोशल मीडिया

मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार ने लाहौर में अपना वोट डाला। राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कराची में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

फोटो: सोशल मीडिया

मतदान करने वाली शख्सियतों में पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी, पूर्व रक्षा मंत्री खुर्रम दस्तगीर, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के मौलाना फजल-उर-रहमान और क्रिकेट खिलाड़ी वसीम अकरम और उनकी मां भी शामिल रहीं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

फोटो: सोशल मीडिया

अनुभवी अभिनेत्री और निर्माता समीना पीरजादा ने ट्विटर पर एक तस्वीर साझा की जिसमें उन्होंने उंगली पर लगी स्याही को दिखाया। अभिनेत्री मावरा होक्केन ने भी अपनी तस्वीर को 'वोट' शीर्षक के साथ ट्वीट किया।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पंजाब शहर के खुहाब गांव की महिलाएं पहली बार पाकिस्तान चुनाव में ले रही हैं हिस्सा

फोटो: आईएएनएस

पाकिस्तान में हो रहे 11वें आम चुनाव के लिए लाखों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन इस बार एक ऐसे गांव की महिलाएं भी वोट डाल रही हैं, जिन्हें इससे पहले कभी वोट डालने की मंजूरी नहीं थी। पंजाब शहर के खुहाब गांव की महिलाएं पाकिस्तान के अस्तित्व में आने के बाद पहली बार इस चुनाव में वोट डाल रही हैं।

‘डेली पाकिस्तान’ के मुताबिक, मतदान शुरू होने के बाद महिलाएं मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इन चुनावों में 10.59 करोड़ लोग मतदान के लिए पंजीकृत हैं, जिनमें 4.7 करोड़ महिलाएं हैं।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान चुनाव में हाफिज सईद के वोट देने पर केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी

पाकिस्तान में मतदान जारी है। चुनाव पर भारत की निगाहें भी टिकी हुई हैं। पाकिस्तान चुनाव में हाफिज सईद के वोट देने और चुनाव मैदान में प्रत्याशी उतारने पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हाफिज सईद एक आतंकवादी है। पाकिस्तान का लोकतंत्र ऐसे लोगों की वजह से खतरे में है।”

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

लाहौर के पोलिंग बूथ में जाने से कुछ मतदाताओं को आर्मी ने रोका

लाहौर के पोलिंग बूथ में जाने से कुछ मतदाताओं को आर्मी ने रोक दिया है। मतदाताओं का कहना है कि आर्मी ने यह कह कर रोक दिया है कि पोलिंग बूथ में पहले से ही महिला मतदाताएं मौजूद हैं। मतदाताओं का कहना है कि यहां पर दो बूथ हैं, दोनों ही बूथों में आर्मी ने जाने से रोक दिया है।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान: क्वेटा धमाके में मरने वालों की संख्या 31 हुई

पाकिस्तान में हो रहे मतदान के बीच बलूचिस्तान के क्वेटा में हुए धमाके में मरने वाली की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। वहीं कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में भर्ती कई घायलों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

नवाज शरीफ ने पाकिस्तान की सेना को कमजोर करने में भारत की मदद की: इमरान खान

फोटो: सोशल मीडिया

पाकिस्तान तहरीक-ए इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान ने इस्लामाबाद में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ ने पाकिस्तान की सेना को कमजोर करने में भारत की मदद की है। उन्होंने कहा कि भारत को इस बात की फिक्र है कि अगर इमरान खान प्रधानमंत्री बने तो वे सिर्फ पाकिस्तान के बारे में सोचेंगे।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

क्वेटा बम धमाके में 25 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान में हो रहे चुनाव के बीच बलूचिस्तान के क्वेटा में बम धमाका हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाके में 25 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान चुनाव के कवरेज पर पाकिस्तानी प्राइवेट मीडिया पर रोक

पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण ने पाकिस्तानी प्राइवेट मीडिया के चुनाव कवरेज पर रोक लगा दी है। प्राधिकरण ने कहा है कि प्राइवेट चैनल चुनाव को प्रसारित ने करें।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

मुंबई हमले का आरोपी हाफिज सईद ने लाहौर में वोट डाला

मुंबई हमले का आरोपी हाफिज सईद ने लाहौर में एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। चुनाव में हाफिज सईद की पार्टी ने कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान में मतदान के बीच बलूचिस्तान के क्वेटा में बम धमाका

पाकिस्तान में मतदान जारी है। मतदान के बीच बलूचिस्तान के क्वेटा में बम धमाका हुआ है। धमाके में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

पाकिस्तान के आम चुनाव में 272 सीटों के लिए लगभग 100 राजनीतिक दलों के 3,459 उम्मीदवार मैदान में हैं। अन्य 6 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 फीसदी सीटें हिंदुओं सहित अन्य धार्मिक अल्पसंख्यों के लिए आरक्षित हैं। चुनाव कराने के लिए लगभग 16 लाख कर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 25 Jul 2018, 12:00 PM IST