दुनिया

रूसः कोरोना संकट के बीच पुतिन ने चला बड़ा दांव, 2 बार और राष्ट्रपति बनने का मौका देने वाला बिल पास

रूस की संसद के दोनों सदनों से इस कानून को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन भी इस कानून पर हस्ताक्षर कर देंगे। इसके बाद पुतिन के 2 बार और देश का राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। रूस की सरकार द्वारा इस कानून को लाने की लंबे समय से चर्चा थी।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

रूस की संसद के ऊपरी सदन फेडरेशन काउंसिल ने 2024 से शुरू होने वाले 2 और कार्यकालों के लिए व्लादिमीर पुतिन को राष्ट्रपति बनने का मौका देने वाला एक विधेयक पारित किया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस विधेयक को संसद के निचले सदन स्टेट ड्यूमा ने एक हफ्ते पहले ही मंजूरी दे दी थी।

संसद के दोनों सदनों से इस कानून को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही राष्ट्रपति पुतिन भी इस कानून पर हस्ताक्षर कर देंगे। इसके बाद वर्तमान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए 2 बार और देश का राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। रूस की सरकार द्वारा इस कानून को लाने की लंबे समय से चर्चा थी।

यहां बता दें कि रूस में चुनाव को लेकर बनाए गए इस कानून का ड्राफ्ट जुलाई 2020 में किए गए राष्ट्रव्यापी जनमत संग्रह में अपनाए गए संवैधानिक संशोधनों का अनुसरण करके बनाया गया था।
206 संवैधानिक संशोधनों में से एक के तहत पद पर विराजमान देश का प्रमुख बिना पिछली शर्तो का पालन किए 2 बार और राष्ट्रपति पद ग्रहण कर सकता है।

बुधवार को रूस की ऊपरी सदन द्वारा चुनाव कानून में संशोधन को मंजूरी देने के बाद पुतिन को 2024 में फिर से अपना राष्ट्रपति का कार्यकाल शुरू करने और फिर 2036 तक 2 और कार्यकाल पाने की सुविधा मिल गई है। इस तरह देश में पुतिन और शक्तिशाली हो गए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए