
रूस ने सोमवार शाम एक बार फिर यूक्रेन पर घातक हमले किए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हुए हैं। उन्होंने एक बार फिर रूस पर और ज्यादा दबाव बनाने की बात दोहराई।
एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रूस के हमले लगातार जारी हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''रूस लगातार हमारे लोगों के खिलाफ आतंक फैला रहा है। वह रिहायशी इमारतों पर हमले कर रहा है और लोगों की जान ले रहा है।
सोमवार शाम के समय रूस ने कीव की एक ऊंची रिहायशी इमारत पर 'शाहेद' ड्रोन से हमला किया। अभी तक की जानकारी के अनुसार, इस हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। मैं उनके परिवारों और करीबियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। नौ लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव दल ने आग पर काबू पा लिया है।''
जेलेंस्की ने पोस्ट में आगे लिखा, ''यह एक और सबूत है कि रूस पर और ज्यादा दबाव बनाने की जरूरत है। लगातार क्रूर हमले वही कर रहा है। युद्ध को लंबा खींचने वाला भी वही है। यहां तक कि अमेरिका के प्रस्ताव के जवाब में भी रूस की ओर से 'शाहेद' ड्रोन हमले ही देखने को मिल रहे हैं। हमें उम्मीद है कि अमेरिका रूस की ओर से मिल रहे इन संकेतों को समझेगा और ठोस कदम उठाएगा। रूस को इस युद्ध को खत्म करने के लिए मजबूर करने के लिए मजबूती और सख्त कार्रवाई की जरूरत है।''
रूस के इन हमलों और युद्धविराम तोड़ने की खबरों पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें पहले पूरी स्थिति देखनी होगी। उन्होंने कहा कि मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है, हम इस पर नजर डालेंगे। उन्होंने कहा कि युद्धविराम उल्लंघन के लिए सिर्फ रूस को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। मुझे मामले को देखना होगा, क्योंकि दोनों पक्षों की ओर से उल्लंघन हुए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने युद्ध में बढ़ते जान-माल के नुकसान का भी जिक्र किया और कहा कि लगातार हो रही मौतों के कारण समझौता अब बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ इस महीने इस युद्ध में 32,000 लोगों की जान गई है और यह बेहद दुखद है। इसलिए दोनों पक्षों को साथ बैठकर इसका समाधान निकालना चाहिए।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए