दुनिया

सीरिया: दश्मिक में सीरियल ब्लास्ट, फ्रांस के राष्ट्रपति के होटल के बाहर गिरा बम, वीडियो भी आया सामने

दोनों विस्फोट राजधानी के मध्य इलाके में हुए। धमाकों के बाद आसपास आग की लपटें उठती दिखाई दीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

सीरिया की राजधानी दमिश्क में लगातार दो धमाकों ने दहशत फैला दी। ये विस्फोट ऐसे समय हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आधिकारिक दौरे पर सीरिया में मौजूद थे और राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। बताया गया कि धमाकों में से एक होटल के बाहर हुआ, जहां मैक्रों ठहरे हुए थे। हालांकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार दोनों विस्फोट राजधानी के मध्य इलाके में हुए। धमाकों के बाद आसपास आग की लपटें उठती दिखाई दीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। इस घटना में कुल 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि मैक्रों ने विस्फोटों की आवाज नहीं सुनी और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ उनकी मुलाकात भी हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक धमाके नेशनल म्यूजियम ऑफ दमिश्क और पर्यटन मंत्रालय के पास हुए, जो शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाते हैं।

जानकारी के मुताबिक पहला धमाका उस समय हुआ जब मैक्रों का काफिला राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो चुका था। विस्फोट के बाद एक कूड़ेदान में आग लग गई और वहां से धुआं उठने लगा। कुछ ही मीटर की दूरी पर दूसरा धमाका हुआ, जो एक एम्बुलेंस के पास हुआ। उस समय घटनास्थल पर करीब दो दर्जन लोग मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2 जुलाई को भी दमिश्क के एक कैफे में बम धमाका हुआ था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 20 अन्य घायल हुए थे। ताजा घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने 2024 में बशर अल-असद को सत्ता से हटाने के बाद देश की बागडोर संभाली थी और तब से वे सीरिया में स्थिरता बहाल करने की दिशा में प्रयासरत हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए