दुनिया

दुनिया की खबरें: रूस ने यूक्रेन पर लगातार तीसरे दिन किया हमला, कई लोगों की मौत और होर्मुज को फिर से खोलने पर चर्चा की

कीव में सूर्योदय होते ही,हरे-भरे डार्नित्सिया इलाके में तबाही का मंजर देखने को मिला, जो उपनगरीय जंगल और नीपर नदी के बीच स्थित है। ढह चुकी नौ मंजिला इमारत से धुएं के गुबार उठ रहे थे, जहां आपातकालीन कर्मी कंक्रीट के नीचे दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे थे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

 रूस ने यूक्रेन पर बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिनमें सात लोग मारे गए जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने यह जानकारी दी।

कीव में सूर्योदय होते ही,हरे-भरे डार्नित्सिया इलाके में तबाही का मंजर देखने को मिला, जो उपनगरीय जंगल और नीपर नदी के बीच स्थित है। ढह चुकी नौ मंजिला इमारत से धुएं के गुबार उठ रहे थे, जहां आपातकालीन कर्मी कंक्रीट के नीचे दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के सभी 18 अपार्टमेंट नष्ट हो गए।

महापौर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि मृतकों में 12 वर्षीय एक लड़की भी शामिल है।जेलेंस्की ने कहा कि सात लोग मारे गए हैं और कम से कम 20 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि ये हमले ऐसे समय हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा पर हैं।

यूक्रेन की विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा कि ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग के पास रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर चार साल से जारी हमले बंद करने के लिए मजबूर करने हेतु पर्याप्त प्रभाव है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ठीक उसी समय जब दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों के नेता बीजिंग में मिल रहे हैं, और दुनिया शांति, स्थिरता और सहयोग की उम्मीद कर रही है, पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी पर सैकड़ों ड्रोन, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं। मॉस्को पर दबाव ही पुतिन को रोक सकता है।’’

Published: undefined

ट्रंप ने अमेरिका-चीन संबंधों को दर्शाने के लिए ऐतिहासिक संदर्भों का इस्तेमाल किया

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ राजकीय भोज में अपने भाषण के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के नागरिकों के बीच लंबे समय से ‘‘आपसी सम्मान की गहरी भावना’’ रही है। उन्होंने इस बात को स्पष्ट करने के लिए इतिहास का उदाहरण दिया।

ट्रंप ने कहा कि बेंजामिन फ्रैंकलिन ने चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस के कथनों को प्रकाशित किया था।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन के चीनी प्रशंसकों ने उनकी स्मृति में एक पाषाण पट्टिका भेंट की, जिसे वाशिंगटन स्मारक पर लगाया गया है। ट्रंप ने बताया कि पट्टिका पर एक चीनी अधिकारी के शब्द अंकित हैं, जिन्होंने वाशिंगटन को एक महान सेनापति और राजनेता बताया था।

ट्रंप ने कहा कि चीनी श्रमिकों ने उन रेल पटरियों को बिछाने में मदद की जिन्होंने अमेरिका के अटलांटिक और प्रशांत तटों को जोड़ा, जबकि चीन की यात्रा करने वाले अमेरिकी यात्रियों ने साक्षरता और आधुनिक चिकित्सा के प्रसार में मदद की।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट ने चीनी राजदूत के अनुरोध पर शी चिनफिंग के शिक्षण संस्थान ‘सिंघुआ विश्वविद्यालय’ की स्थापना के लिए धन उपलब्ध कराया था।

Published: undefined

ट्रंप और चिनफिंग ने ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर चर्चा की

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग ने बृहस्पतिवार को वैश्विक ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की आवश्यकता पर सहमति जताई। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने दोनों नेताओं की बैठक का विवरण देते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चिनफिंग ने जलडमरूमध्य को पार करने वाले जहाजों पर शुल्क लगाने का भी विरोध किया, जो अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने के बाद से प्रभावी रूप से बंद है।

अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए बताया कि चिनफिंग ने खाड़ी के तेल पर भविष्य में चीनी निर्भरता को कम करने के लिए चीन द्वारा अधिक अमेरिकी तेल खरीदने को लेकर भी रुचि दिखाई।

उन्होंने बताया कि दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने अमेरिका में फेंटानिल प्रीकर्सर रसायनों के निर्यात को बढ़ाने और कम करने और अमेरिकी कृषि उत्पादों की चीनी खरीद बढ़ाने पर भी चर्चा की।

Published: undefined

यूएई के तट के पास जहाज पर कब्जे की खबर, ईरानी जलक्षेत्र की ओर बढ़ रहा है : ब्रिटिश सेना

ब्रिटेन की सेना ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पूर्वी तट पर लंगर डाले एक जहाज पर कब्जा कर लिया गया है और वह ईरानी जलक्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।

‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स’ (यूकेएमटीओ) केंद्र ने कहा कि उसे खबर मिली है कि जहाज पर अनधिकृत लोगों ने उस समय कब्जा कर लिया जब वह होर्मुज जलडमरूमध्य के पास यूएई के फुजैरा बंदरगाह से 38 नॉटिकल मील (70 किलोमीटर) दूर उत्तर-पूर्व में लंगर डाले हुए था।

जहाज पर कब्जा ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग के अपने दौरे पर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में भी हुआ है जब कुछ घंटे पहले ही इजराइल ने कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ इजराइल-अमेरिका युद्ध के दौरान चुपके से यूएई का दौरा किया था, हालांकि यूएई ने तुरंत इस बात से इनकार कर दिया कि कोई गुप्त यात्रा हुई थी।

खाड़ी देश ने 2020 में इजराइल के साथ रिश्ते सामान्य किए थे। ईरान ने उस समझौते की आलोचना की है और वर्षों से बार-बार यह कहा है कि इजराइल की यूएई में सैन्य और खुफिया मौजूदगी है।

रिश्ते सामान्य होने के बाद हाल के सालों में इजराइली नेताओं ने कभी-कभी यूएई का दौरा किया है।

यूकेएमटीओ ने जहाज का नाम नहीं बताया और कहा कि वह जांच कर रहा है। जहाज को बंधक बनाने की जिम्मेदारी अभी किसी ने नहीं ली है।

फुजैरा एक महत्वपूर्ण तेल निर्यात टर्मिनल है और फारस की खाड़ी के बाहर यूएई का मुख्य बंदरगाह है। ईरान के साथ युद्ध के दौरान इस पर कई बार हमला हुआ है।

युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने कई जहाजों पर कब्जा किया है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined