
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बुधवार शाम से रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से तीन चरणों में हमले किए। उन्होंने बताया कि रूसी बलों ने कुल 21 मिसाइलों का इस्तेमाल किया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके हमले की जानकारी साझा की।
जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों में राजधानी कीव को काफी नुकसान पहुंचा है। कई आम रिहायशी इमारतें, ऊर्जा ढांचा, एक रेलवे स्टेशन और मेट्रो से जुड़ी सुविधाएं, शॉपिंग सेंटर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि एक मठ भी हमले की चपेट में आया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं सभी प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
जेलेंस्की के मुताबिक, बीती रात यूक्रेन के 12 क्षेत्रों पर रूसी हमले हुए। कीव और उसके आसपास के इलाकों में 34 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जेलेंस्की ने कहा कि बातचीत के एक और दौर के तुरंत बाद रूस ने यह हमला किया, जो उसके रुख को साफ दिखाता है।
उन्होंने कहा, "इसका मतलब है कि जो कुछ हो रहा है, उसके प्रति रूस के रवैये में कोई वास्तविक बदलाव नहीं आया है।"
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए सही समाधान तलाशना जरूरी है, लेकिन जब बातचीत के जवाब में बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए जाते हैं, तो रूस पर वास्तविक दबाव बनाना भी जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि रूस को हत्याएं रोकने और अलग कदम उठाने के लिए मजबूर करने की जरूरत है।
जेलेंस्की ने यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को और मजबूत करने, बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट करने में सक्षम मिसाइलों की तेजी से आपूर्ति करने और रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को जारी रखने की मांग दोहराई।
सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स से लेकर विभिन्न ऊर्जा ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। दरअसल, इस्लाम धर्म को मानने वाले विभिन्न देशों के हज यात्री यहीं से होकर उमरा के लिए मक्का का रुख करते हैं। पिछले कुछ दिनों से हालात संवेदनशील बने हुए है। इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर भारतीय दूतावास की ओर से किए जा रहे प्रयासों का जिक्र किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमरा (तीर्थयात्री) यात्रियों की मदद के लिए भारतीय दूतावास लगातार सक्रिय है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास ने जानकारी दी है कि प्रभावित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ मिलकर फंसे हुए यात्रियों की जल्द वापसी के इंतजाम किए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, "पिछले एक हफ्ते में करीब 3,000 फंसे हुए उमरा यात्री उपलब्ध उड़ानों से सऊदी अरब से भारत लौट चुके हैं। इसके अतिरिक्त 10,000 से अधिक उमरा यात्री भी अपनी पहले से बुक की गई सामान्य उड़ानों से पिछले हफ्ते भारत लौटे हैं। अन्य फंसे हुए यात्रियों की जल्द से जल्द वापसी के लिए व्यवस्था पर चर्चा जारी है।"
दूतावास ने बताया कि कम्युनिटी वॉलिंटियर्स के सहयोग से सभी संभव सहायता प्रदान की जा रही है। भारतीय नागरिकों की मदद के लिए 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और नियमित एडवाइजरी जारी की जा रही है।
इसके साथ ही रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने संपर्क के लिए कई नंबर जारी किए हैं। टेलीफोन नंबर +966-554412016 और +966-542126784, टोल-फ्री नंबर 8002471234 (केवल सऊदी अरब के अंदर कॉल के लिए) और व्हाट्सएप नंबर +966-536216082 (केवल मैसेज के लिए) पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास से संपर्क के लिए +966-12-2614093 और +966-556122301 नंबर जारी किए गए हैं।
बता दें, उमरा मुसलमानों की एक पवित्र और स्वैच्छिक लघु तीर्थयात्रा है जो सऊदी अरब के मक्का शहर स्थित खाना-ए-काबा की जाती है। इसे "छोटा हज" भी कहा जाता है।
भारत ने गुरुवार को सऊदी अरब में नागरिकों और ऊर्जा ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा की। इनमें किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं। साथ ही, भारत ने उम्मीद जताई कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर कहा, "हम सऊदी अरब में नागरिकों और ऊर्जा ढांचों पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 21 अक्टूबर को दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं। दुर्भाग्य से, इन हमलों में नागरिकों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।"
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक और भारतीय नागरिक घायल हुआ। मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्रालय ने कहा कि रियाद में भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान करेगा। विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।
मंत्रालय ने कहा, "हम फिर से दोहराते हैं कि नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। हम सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और लोगों के साथ खड़े हैं, और उम्मीद करते हैं कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।"
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि बुधवार को दम्मम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। दूतावास ने कहा कि वे और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सऊदी अधिकारियों ने बताया है कि दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा, दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और प्रभावित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतक के परिवार और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए