
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि उनके अमेरिकी जनता को संबोधित करने से पहले ईरान के राष्ट्रपति युद्धविराम चाहते हैं। ईरान की तरफ से हालांकि ट्रंप की टिप्पणियों को ‘झूठा और निराधार’ बताया गया है। इससे पहले ईरान ने कतर के तट के पास एक तेल टैंकर और कुवैत के हवाई अड्डे को निशाना बनाया, जबकि तेहरान में हवाई हमले जारी रहे।
ट्रंप ने यह युद्धविराम के अनुरोध वाला दावा अपनी ‘ट्रुथ सोशल’ वेबसाइट पर किया। ट्रंप ने ‘‘ईरान के नये शासन के राष्ट्रपति’’ शब्द का इस्तेमाल किया। हालांकि ईरान में राष्ट्रपति बदले नहीं हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि युद्धविराम तभी होगा जब होर्मुज जलडमरूमध्य “खुला, सुरक्षित और बाधारहित’’ होगा। उन्होंने लिखा, ‘‘तब तक हम ईरान को पूरी तरह तबाह कर रहे हैं, या जैसा लोग कहते हैं, उसे वापस पाषाण युग में भेज रहे हैं।’’
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने तेहरान द्वारा कथित तौर पर युद्धविराम की मांग करने के संबंध में ट्रंप की टिप्पणियों को ‘झूठा और निराधार’ करार दिया है।
इसके अलावा, ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अलग से एक बयान जारी कर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसकी सेनाओं का “पूरी तरह से और निर्णायक नियंत्रण” है।
Published: undefined
ईरान के खिलाफ युद्ध में ‘‘बड़ी उपलब्धियों’’ की प्रशंसा करते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार शाम कहा कि इजराइल-अमेरिका का संयुक्त अभियान इस्लामी शासन को ‘‘व्यवस्थित तरीके से कुचल रहा है’’ और इस यहूदी राष्ट्र के सामने मौजूद अस्तित्वगत खतरों को खत्म कर रहा है।
यहूदी पर्व ‘पेसाच’ (पासओवर) से पहले हिब्रू में राष्ट्र को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि ‘‘देर-सवेर’’ ईरानी शासन गिर जाएगा और इजराइल, तेहरान से उत्पन्न साझा खतरे के खिलाफ ‘‘क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों के साथ नए गठबंधन’’ बना रहा है।
इजराइली प्रधानमंत्री ने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन संक्षेप में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ‘‘जल्द ही मैं आपको इन महत्वपूर्ण गठबंधनों के बारे में और बता पाऊंगा।’’
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता पर्व की पूर्व संध्या पर इजराइल पहले से कहीं अधिक मजबूत है। पूरी दुनिया ईरान के दुष्ट शासन के खिलाफ हमारी लड़ाई में हमारी दहाड़ सुन रही है, एक ऐसी लड़ाई जिसमें हमने अपार उपलब्धियां हासिल की हैं।’’
यह संबोधन ऐसे समय में आया जब देश लेबनान में जमीनी अभियान के दौरान चार सैनिकों की मौत पर शोक मना रहा है। उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां ‘‘कष्टदायक कीमत’’ चुकाकर हासिल हुई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ हमारे संयुक्त अभियान का एक महीना पूरा होने पर हम उस आतंकवादी शासन को व्यवस्थित रूप से कुचल रहे हैं, जिसने दशकों तक ‘अमेरिका की मौत, इजराइल की मौत’ के नारे लगाए...…अयातुल्लाओं के शासन ने हमें नष्ट करने, पूरे पश्चिम एशिया पर कब्जा करने और पूरी दुनिया को खतरे में डालने की बड़ी कोशिश की।”
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘इसने इन घातक महत्वाकांक्षाओं को परमाणु कार्यक्रम और बैलिस्टिक मिसाइलों के विकास, हमारे चारों ओर आतंकी संगठनों को वित्त और हथियार देने तथा उस पर लगे कड़े प्रतिबंधों को झेलकर आगे बढ़ाने की कोशिश की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं आपको बताना चाहता हूं: इतने वर्षों में इस सब पर ईरान ने लगभग एक हजार अरब डॉलर खर्च किए। और अब कहा जा सकता है कि यह पूरी राशि व्यर्थ चली गई।’’
Published: undefined
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में वायु रक्षा प्रणाली द्वारा बुधवार को मार गिराये गये एक ड्रोन के छर्रों से एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी डब्ल्यूएएम के अनुसार, यह घटना उम अल कैवेन के उम अल थुओब औद्योगिक क्षेत्र के पास हुई।
उम अल कैवेन सरकारी मीडिया कार्यालय ने अमीरात के संबंधित अधिकारियों द्वारा उम अल थुओब औद्योगिक क्षेत्र में एक सुविधा के पास हुई घटना पर कार्रवाई किये जाने की पुष्टि की। यह घटना वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराये जाने के बाद गिरे छर्रों के कारण हुई थी।
एजेंसी ने कार्यालय के हवाले से बताया गया, “इस घटना में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया।”
स्थानीय मीडिया ने शनिवार को बताया था कि पिछले सप्ताह की शुरुआत में देश की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराये जाने के बाद खलीफा आर्थिक क्षेत्र अबू धाबी (केईजेडएडी) के आसपास मलबा गिरने से संयुक्त अरब अमीरात में पांच भारतीय घायल हो गए थे।
Published: undefined
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ युद्ध में सहयोग देने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाने वाले मित्र देशों के लिए कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी अमेरिका की नहीं है।
राष्ट्रपति ने अनुमान जताया कि अमेरिकी सेना दो से तीन सप्ताह में हमले खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि ईरान द्वारा बाधित किए गए होर्मुज जलडमरूमध्य में क्या होता है, उससे अमेरिका का ‘‘कोई लेना-देना नहीं होगा।’’
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को खुला रखने की जिम्मेदारी उन देशों की है जो इस पर निर्भर हैं।
ट्रंप ने कहा, ‘‘यह हमारा काम नहीं है। यह फ्रांस का काम होगा। यह उनका काम होगा, जो इस जलडमरूमध्य का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’
जलडमरूमध्य के बंद होने से अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत चार अमेरिकी डॉलर प्रति गैलन से अधिक हो गई। जलडमरूमध्य के बाधित होने से अमेरिका में गैस की औसत कीमत चार अमेरिकी डॉलर प्रति गैलन के पार चली गई।
Published: undefined
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका और भारत के संबंधों को अत्यधिक महत्व देते हैं।
गोर ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात के बाद मंगलवार शाम सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कुछ दिनों के लिए अमेरिका लौटा हूं। पहला पड़ाव-राष्ट्रपति से ‘व्हाइट हाउस’ में मुलाकात। राष्ट्रपति अमेरिका और भारत के संबंधों को अत्यधिक महत्व देते हैं।’’
गोर ने ‘ओवल ऑफिस’ (राष्ट्रपति का कार्यालय) में ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ अपनी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की।
गोर ने इस साल जनवरी में भारत में अमेरिका के राजदूत का पदभार संभाला था। इससे पहले वह व्हाइट हाउस के राष्ट्रपति कार्मिक कार्यालय में निदेशक के रूप में कार्यरत थे। गोर दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए अमेरिका के विशेष दूत भी हैं।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined