अमेरिका ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव और सैन्य कार्रवाई की आशंका के बीच लेबनान में तैनात अपने गैर जरूरी राजनयिकों और उनके परिवार के सदस्यों को वापस आने का आदेश दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने नाम न जाहिर किये जाने की शर्त पर कहा कि क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति के लगातार आकलन के बाद यह उचित समझा गया कि अमेरिकी दूतावास में कर्मियों की संख्या कम कर दी जाए, ताकि केवल आवश्यक कर्मचारी ही अपने पदों पर बने रहें।
उन्होंने कहा कि यह एक अस्थायी उपाय है और दूतावास सोमवार को भी खुला रहा। मंत्रालय के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस सप्ताहांत इजराइल की अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा स्थगित कर सकते हैं।
Published: undefined
अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने दावा किया है कि वो किसी भी 'सीमित हमले' की कार्रवाई को 'आक्रामक' मानते हुए उसका जवाब जरूर देगा। तेहरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीमित हमले को लेकर दी टिप्पणी के बाद ये बयान दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एस्माईल बाकेई ने तेहरान में नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, “मुझे लगता है लिमिटेड स्ट्राइक (सीमित हमले) जैसा कुछ नहीं होता है। आक्रामक कार्रवाई को आक्रामक ही माना जाएगा, और कोई भी देश अपने बचाव के अंदरूनी अधिकार के तहत रिएक्ट करेगा, इसलिए हम भी वही करेंगे।”
ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि अगर तेहरान यूएस के साथ डील नहीं करता है तो वह एक 'लिमिटेड स्ट्राइक' पर विचार कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि मैं इस पर विचार कर रहा हूं।”
दोनों देशों ने मंगलवार को स्विट्जरलैंड में ओमान की मध्यस्थता में अप्रत्यक्ष बातचीत का दूसरा राउंड पूरा किया। आगे की बातचीत की पुष्टि ईरान और ओमान ने तो की है, लेकिन अमेरिका ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। तीसरे दौर की संभावित बातचीत गुरुवार को हो सकती है।
बाकई ने ये भी कहा कि ईरानी सशस्त्र सेना सतर्क है और कूटनीतिक बातचीत के साथ-साथ हर कदम पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि जब भी ईरान को लगेगा कि दूसरी तरफ बातचीत को धोखे के टूल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है, तो वह परिस्थिति के अनुसार काम करेंगे।
Published: undefined
नेपाल में 5 मार्च को चुनाव होने जा रहा है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, देश के कुछ इलाकों में हिंसा की तस्वीरें सामने आ रही हैं। नेपाली मीडिया की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को दो युवा समूहों के बीच झड़प के बाद परसा जिले के बीरगंज में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है।
नेपाली मीडिया काठमांडू पोस्ट की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ऑफिस परसा ने कहा कि बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का हवाला देते हुए कर्फ्यू सोमवार सुबह 9:45 बजे से अगली सूचना तक लागू कर दिया गया है। यह आदेश बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी के अंदर लागू है।
चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर भोला दहल ने कहा कि कर्फ्यू पूर्व में बाईपास रोड से पश्चिम में सिरसिया नदी तक और उत्तर में गंडक चौक और दक्षिण में शंकराचार्य गेट तक के इलाके में लागू है।
कर्फ्यू वाले क्षेत्र में आना-जाना, जमावड़ा, रैली, प्रदर्शन, मीटिंग और धरने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, जरूरी सर्विस देने वाली गाड़ियां, पत्रकार, पहले से तय यूनिवर्सिटी एग्जाम में बैठने वाले स्टूडेंट, परीक्षा लेने वाले स्टाफ, टूरिस्ट गाड़ियां, और मानवाधिकार संगठन और डिप्लोमैटिक मिशन की गाड़ियां चल सकती हैं।
ऑफिस ने कहा कि सिक्योरिटी वाले लोग वैलिड एयर टिकट के आधार पर हवाई यात्रियों के आने-जाने में मदद करेंगे।
इससे पहले, रौतहट में शनिवार को दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद स्थानीय प्रशासन ने रौतहट के गौर नगरपालिका क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया था। गौर के कुछ हिस्सों में लगाया गया कर्फ्यू अभी भी लागू है। नेपाली मीडिया की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, यह तनाव वार्ड 6 के सबगढ़ में शुरू हुआ, जहां कथित तौर पर दो समुदाय के लोगों के बीच एक शादी के जुलूस के दौरान बहस हुई। देखते ही देखते बहसबाजी हिंसा में तब्दील हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी और एक गाड़ी में आग लगाने की घटना भी सामने आई।
Published: undefined
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बढ़ती हिंसा को लेकर एक प्रमुख मानवाधिकार संगठन ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में सुराब से दो किसानों को गायब कर दिया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। बलूचिस्तान प्रांत में आम लोगों के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है। स्थानीय मीडिया के हवाले से सोमवार को यह खबर जारी की गई।
द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, बलूच यकजेहती कमेटी (बीवाईसी) ने कहा कि 26 साल के किसान तैमूर को 9 फरवरी को गायब कर दिया गया था। बीवाईसी ने आरोप लगाया कि तैमूर का शव कई दिन कस्टडी में रखने के बाद फेंक दिया गया। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
समूह ने कहा कि बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी के शिकार लोगों के परिवार हिरासत के दौरान संभावित दुर्व्यवहार और लापता होने के भय में जीते हैं। संगठन के अनुसार, कई मामलों में पीड़ितों को यातना दी गई और बाद में उनके शव दूरदराज के इलाकों में मिले।
राइट्स ग्रुप के अनुसार, तैमूर मेहनती किसान था। वह रोज काम करके अपना गुजारा करता था। समूह ने तैमूर की हत्या को इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स कानून का उल्लंघन बताया, जिसमें इंटरनेशनल कवनेंट ऑन सिविल एंड पॉलिटिकल राइट्स (आईसीसीपीआर) के तहत जीवन के अधिकार और टॉर्चर पर रोक और कन्वेंशन अगेंस्ट टॉर्चर (सीएटी) के नियम शामिल हैं।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined