
लीबिया के तट के पास यूक्रेनी नौसैना ने सोमवार को सात ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए रूस के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी बलों ने लीबिया के तट के पास सात स्वदेशी नौसैनिक ड्रोन का इस्तेमाल करके रूस के युद्धपोत 'मर्करी' को डुबो दिया और रूसी मालवाहक जहाज 'एमवी अंगारा' को भी निशाना बनाया।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "रूस के युद्ध के जवाब में यह यूक्रेन का एक बेहतरीन अभियान था। मैं यूक्रेन की सुरक्षा सेवा और हमारे सभी रक्षा बलों के जवानों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इस मिशन को अंजाम दिया। मुझे कल और आज इस ऑपरेशन के हर चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। हमने जो लक्ष्य तय किए थे, वे पूरे हो गए हैं।"
जेलेंस्की के मुताबिक रूस ने हमले को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद रूसी युद्धपोत 'मर्करी' को डुबो दिया गया। उन्होंने कहा कि 'मर्करी' रूस के सबसे नए युद्धपोतों में से एक था, जिसे 2023 में पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू होने के दौरान, सेवा में शामिल किया गया था।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दावा किया कि इस अभियान में एक 'का-27' लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने कहा, "हमारा दूसरा लक्ष्य रूसी मालवाहक जहाज 'एमवी अंगारा' था, जिसका इस्तेमाल दुश्मन हथियारों की ढुलाई के लिए कर रहा था। यह लक्ष्य भी सफलतापूर्वक भेदा गया।"
जेलेंस्की ने साफ किया कि यूक्रेन ऐसे अभियान आगे भी जारी रखेगा। उन्होंने कहा, "हम तय किए गए समुद्री इलाकों में अपने अभियान जारी रखेंगे। हम रूस की आक्रामकता का जवाब दे रहे हैं। हम अपने हथियारों का विकास कर रहे हैं।"
वहीं दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में रूसी सेना ने यूक्रेनी सशस्त्र बलों के ड्रोन उत्पादन और भंडारण केंद्रों, हवाई यातायात नियंत्रण रडार स्टेशनों और विदेशी लड़ाकों समेत यूक्रेनी सैनिकों के अस्थायी ठिकानों पर हमले किए हैं।
चीन ने कहा है कि वह कारोबारियों के लिए वीजा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार है। चीनी विदेश मंत्रालय का यह जवाब उन खबरों के बीच आया है, जिनमें कहा जा रहा कि इसके राजनयिक मिशन ने भारतीय नागरिकों को वीजा जारी करने में कटौती की है, जिनमें कारोबारी भी शामिल हैं।
भारतीयों के लिए वीजा जारी करने में कथित कटौती के बारे में ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा पूछे गए सवालों के लिखित जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘चीन कानूनों और नियमों के अनुसार मानकों को पूरा करने वाले विदेशी नागरिकों को वीजा जारी करता है।’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम दोनों पक्षों के कारोबारियों के लिए वीजा व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार हैं।’’
खबरों के मुताबिक, इस महीने शंघाई में आयोजित ‘चाइना इम्पोर्ट एक्सपो’ में भाग लेने के लिए कम भारतीय व्यापारियों को वीजा दिया गया। यह वार्षिक व्यापार मेला दुनिया भर के व्यापारियों को आकर्षित करता है ताकि वे चीनी उपभोक्ताओं को अपने कारोबार से अवगत करा सकें।
बीजिंग ने सेवा प्रदाता चाइना वीजा एप्लीकेशन सेंटर को वीजा आवेदन स्वीकार करने से रोक दिया है, और चीनी वीजा, विशेष रूप से बिजनेस वीजा की बढ़ती मांग के मद्देनजर, उसके मिशन इसका सीधे तौर पर प्रबंधन कर रहे हैं।
पिछले साल जुलाई में भारत ने पांच साल के अंतराल के बाद चीनी नागरिकों को पर्यटक वीजा जारी करना शुरू किया था। उसके बाद दोनों देशों के बीच वीजा प्रक्रिया में सुधार हुआ है। यह सुधार 2020 में गलवान घाटी में हुई घातक झड़प के बाद द्विपक्षीय संबंधों में आए गंभीर तनाव को दूर करने के प्रयासों के तहत किया गया है।
वीजा प्रक्रिया की पुनः शुरुआत को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है क्योंकि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों में ठहराव के बाद रिश्ते सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वीजा प्रक्रियाओं में ढील के साथ, दोनों देशों ने बीजिंग-नयी दिल्ली सहित कई शहरों को जोड़ने वाली सीधी हवाई सेवाएं शुरू कीं।
भारतीय अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में चीनी नागरिकों के लिए वीजा अस्वीकृति दर घटकर लगभग सात प्रतिशत हो गई है, ताकि भारत में व्यापार और पर्यटन संबंधी यात्राओं को बढ़ावा मिल सके।
बांग्लादेश ने जबरन विस्थापित रोहिंग्या मुसलमानों की सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से म्यांमा वापसी के लिए थाईलैंड से लगातार समर्थन देने का अनुरोध किया है। यह अनुरोध लंबे समय से चले आ रहे शरणार्थी संकट को हल करने के लिए नए सिरे से किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है। इस संकट का क्षेत्रीय स्थिरता पर भी महत्वपूर्ण असर पड़ रहा है, जिसमें भारत भी शामिल है।
सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने विदेश मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया कि विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने रविवार को यह अनुरोध किया। उस दिन थाईलैंड की राजदूत थितिपोर्न चिरासावादी ने उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की थी।
यह कदम पिछले सप्ताह हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) के एक ऐतिहासिक फैसले के बाद उठाया गया। न्यायालय ने अपने फैसले में कहा था कि म्यांमा ने 2017 में सैन्य अभियान के दौरान रोहिंग्या अल्पसंख्यकों के खिलाफ नरसंहार किया था। उसने म्यांमा के सैन्य शासन को हिंसा के कारण देश छोड़कर भागे लोगों को वापस लौटने की अनुमति देने का भी आदेश दिया था। यह फैसला अंतिम और बाध्यकारी है। लगभग 12 लाख रोहिंग्या वर्तमान में बांग्लादेश के शरणार्थी शिविरों में रह रहे हैं, मुख्यतः कॉक्स बाजार में, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े दीर्घकालिक शरणार्थी संकटों में से एक बन गया है।
उनकी स्वदेश वापसी के प्रयास सुरक्षा, नागरिकता अधिकारों और म्यांमा में जारी संघर्ष को लेकर चिंताओं के बीच बार-बार बाधित हुए हैं।
बांग्लादेश की एक अदालत ने अधिकारियों को 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करने से रोकने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने का निर्देश दिया और साथ ही नाबालिगों पर ‘एल्गोरिदम’ आधारित कंटेंट के प्रभावों की जांच के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने का भी आदेश जारी किया।
समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ की खबर के अनुसार, उच्चतम न्यायालय के उच्च न्यायालय प्रभाग ने रविवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान ये निर्देश जारी किए।
याचिका में सरकार की ओर से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाया गया था।
न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव तथा बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग (बीटीआरसी) के अध्यक्ष समेत अन्य संबंधित पक्षों को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
न्यायालय ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की एक समिति का तत्काल गठन करने का भी आदेश दिया।
यह समिति इस बात का आकलन करेगी कि ‘एल्गोरिदम’ के नियंत्रण वाले कंटेंट फीड का बच्चों पर किस तरह का प्रभाव पड़ता है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब दुनियाभर में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक सेहत और विकास पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ रही है।
कई देशों की सरकारें बच्चों की उम्र के आधार पर सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाने और उन्हें नुकसान पहुंचाने वाले ऑनलाइन कंटेंट से बचाने के लिए कड़े नियम बनाने पर विचार कर रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए